लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बड़ी सीवर लाइन परियोजना का शुभारंभ, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ: पं. मूलचंद शर्मा,विधायक
Launch of a Major Sewer Line Project
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: Launch of a Major Sewer Line Project: विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने आज सेक्टर-3 डिस्पोजल (पंडित प्लेस, तिगांव रोड के निकट) से बड़ी सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के हाथों नारियल फुड़वाकर किया। इस परियोजना के तहत पंचायत भवन से सेक्टर-3 डिस्पोजल तक नई बड़ी सीवर लाइन डाली जाएगी, जिस पर लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत आएगी।
इस अवसर पर विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन डिपोजल चावला कॉलोनी से सेक्टर-3 डिस्पोजल तक बड़ी सीवर लाइन बिछने से क्षेत्र की सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे लोगों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का लाभ वार्ड-41, वार्ड-42, वार्ड-45 एवं वार्ड-46 के अलावा चावला कॉलोनी, मलरेना रोड, आदर्श नगर, पंजाबी वाड़ा, ब्राह्मण वाड़ा, मुकेश कॉलोनी, गर्ग कॉलोनी तथा भगत सिंह कॉलोनी सहित आसपास के हजारों निवासियों को मिलेगा। इससे क्षेत्र में बेहतर जल निकासी सुनिश्चित होगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध होगा।
इस मौके पर भाजपा नेता पंडित टिपरचंद शर्मा, पार्षद महेश गोयल, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद दीपक यादव, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश, नवीन चेची, स्वराज सिंह, सुषमा यादव, पी.एल. शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, सीएम विंडो एमिनेंट सदस्य पवन कुमार ,दिनेश सिंह ,चंद्रसेन शर्मा,एफएमडीए ओर नगर निगम के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।