Delhi HC Notice To ED| दिल्ली हाईकोर्ट से ED को नोटिस; AAP सांसद संजय सिंह की जमानत पर जवाब तलब

दिल्ली हाईकोर्ट से ED को नोटिस; AAP सांसद संजय सिंह के इस मामले पर जवाब तलब, राज्यसभा नामांकन के लिए जेल से बाहर आए

Delhi HC Notice To ED Over AAP MP Sanjay Singh Regular Bail Plea

Delhi HC Notice To ED Over AAP MP Sanjay Singh Regular Bail Plea

Delhi HC Notice To ED: दिल्ली शराब घोटाले (Delhi Excise Policy Scam) में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (AAP MP Sanjay Singh) की नियमित जमानत याचिका को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को नोटिस जारी किया है। वहीं हाईकोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 29 जनवरी तय की है। यानि संजय सिंह की जमानत याचिका पर 29 जनवरी को सुनवाई होगी और इस दौरान ईडी को अपना जवाब दाखिल करना होगा।

मालूम रहे कि, 22 दिसम्बर को राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत देने से इनकार कर दिया था। संजय सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी और राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रथम दृष्ट्या से संजय सिंह के विरुद्ध मामला वास्तविक है। राउज एवेन्यू कोर्ट से झटका लगने के बाद सांसद संजय सिंह ने जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। संजय सिंह ने राऊज एवेन्यू कोर्ट के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

जेल में बंद हैं संजय सिंह

संजय सिंह अक्टूबर से जेल में बंद हैं। ED की टीम 4 अक्टूबर को संजय सिंह के घर पर छापेमारी की थी और उन्हें शाम तक गिरफ्तार कर लिया था। संजय सिंह को गिरफ्तार करने के बाद ईडी ने उन्हें दो बार रिमांड पर लिया। ईडी ने पहली बार संजय सिंह की रिमांड हासिल करने के लिए उन्हें 5 अक्टूबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। इस दौरान कोर्ट ने ईडी को पांच दिनों के लिए संजय सिंह की रिमांड दी। कोर्ट ने 10 अक्टूबर तक संजय सिंह को ईडी के रिमांड में भेजा। वहीं यह रिमांड खत्म होने पर ईडी ने जब दूसरी बार संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया तो उन्हें 13 अक्टूबर तक 3 दिन की ईडी रिमांड में भेजा गया।

वहीं 13 अक्टूबर के बाद संजय सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तबसे आप सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत लगातार बढ़ती जा रही है।  अभी पिछले महीने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 21 दिसंबर को खत्म हुई थी। जिसके बाद संजय सिंह को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 10 जनवरी तक बढ़ा दी थी।

संजय सिंह को नामांकन के लिए जेल से बाहर आने की छूट

गौरतलब है कि दिल्ली में राज्यसभा सदस्यों को लेकर 19 जनवरी को चुनाव है। और मालूम हो कि आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह को एक बार फिर से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। AAP नेता संजय सिंह राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल करने के लिए खुद मौजूद रहना होगा। जहां इसके लिए संजय सिंह को जेल से बाहर आने की छूट दी गई है। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें जेल से बाहर जाने की अनुमति दे दी थी।

ज्ञात रहे कि दिल्ली से वर्तमान समय में राज्यसभा के सदस्य डॉ सुशील गुप्ता, संजय सिंह एवं एनडी गुप्ता का कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा है। लेकिन सुशील गुप्ता के अलावा संजय सिंह एवं एनडी गुप्ता को दूसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा भेजा जा रहा है। वहीं सुशील गुप्ता की जगह दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाती मालिवाल को नामित किया गया है।

पार्टी का आभार, जो सही निर्णय लिया

AAP सांसद संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह का कहना है कि, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर हमसे ज्यादा दुख है। दिनेश सिंह ने कहा कि संजय सिंह को इस बात की सजा मिल रही है कि वे सच को कड़े तरीके से बोलते थे। लेकिन आम आदमी पार्टी का आभार है कि पार्टी ने तानाशाही राजनीति में न फंसकर सही फैसला लिया है और संजय सिंह को फिर से राज्यसभा भेज रही है। पार्टी का यह सही निर्णय है।

मालूम रहे कि, दिल्ली शराब घोटाले में संजय सिंह से पहले दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आप के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी की गई थी। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है। मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं।

वहीं दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। संजय सिंह पर दिल्ली शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। बीजेपी का कहना है कि, संजय सिंह के माध्यम से शराब कारोबारियों में करोडों का लेनदेन हुआ है। बीजेपी ने कहा संजय सिंह के घर पर ही मुलाक़ात होती थी, इसके बाद इन सभी शराब माफियाओं को लेकर संजय सिंह केजरीवाल के घर जाते थे।

संजय सिंह बोले- फंसाया जा रहा

हालांकि, संजय सिंह का कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है। संजय सिंह अपनी गिरफ्तारी को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोल रहे हैं। संजय सिंह का कहना है कि मोदी जी इंडिया के नहीं, अडानी के प्रधानमंत्री हैं। अडानी के घोटालों की जांच कब होगी? लेकिन पीएम मोदी मेरे साथ बच्चों का खेल खेल रहे हैं। मगर मैं PM मोदी की यातना का पैमाना चेक करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं पीएम मोदी मुझे यातना दें, जितनी दे सकते हैं। संजय सिंह ने कहा कि, जितने बेईमान हैं, लाखों करोड़ लूटने वाले, वो सब मोदी के साथ हैं और जो ईमानदार हैं व उनके खिलाफ हैं उनपर कार्रवाई हो रही है।