Haryana Lok Sabha Election 2024| हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें कांग्रेस ही जीतेगी; दीपेंद्र सिंह हुड्डा का दावा

हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें कांग्रेस ही जीतेगी; दीपेंद्र सिंह हुड्डा का दावा, बोले- वही होगा जो हिमाचल में हुआ, जेपी नड्डा पर निशाना

Deepender Singh Hooda On Haryana Lok Sabha Election 2024

Deepender Singh Hooda On Haryana Lok Sabha Election 2024

Haryana Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों की हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बड़ा दावा किया है। दीपेंद्र हुड्डा का कहना है कि, हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें कांग्रेस ही जीतेगी। हरियाणा में बीजेपी के साथ वही होगा जो हिमाचल में हुआ। दरअसल, हिमाचल की बात करते हुए दीपेंद्र हुड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर निशाना साध रहे थे। मालूम रहे कि, जेपी नड्डा ने बीते शनिवार को हरियाणा के पंचकूला में एक बड़ा रोड शो किया था। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा था कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया होने वाला है। बीजेपी हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगी।

नड्डा का दावा हिमाचल की तरह फेल होगा

दरअसल, दीपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल में दलित एकता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि जेपी नड्डा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने की बात कह रहे हैं। इस पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता 10 की 10 लोकसभा सीटें कांग्रेस को जिताने का काम करेगी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जेपी नड्डा हिमाचल से आते हैं वो हिमाचल चुनाव के दौरान कहते थे कि हिमाचल में निश्चित ही बीजेपी जीतेगी। लेकिन वहाँ पर कांग्रेस की सरकार बनी। इसलिए मैं जेपी नड्डा को बताना चाहता हूँ कि हरियाणा में वही होगा जो हिमाचल में हुआ।

राम मंदिर पर बोले दीपेंद्र सिंह हुड्डा

इधर, अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बयान दिया। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी को राम मंदिर का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। भगवान राम सबके हैं। राम हमारे आराध्य और आदर्श हैं और हम सब उनके बच्चे हैं।

जेपी नड्डा ने साधा था कांग्रेस पर निशाना

पंचकुला आए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था। नड्डा ने कहा था कि पीएम मोदी आज भारत में राजनीति की संस्कृति बदल दी है। भारत की राजनीतिक संस्कृति जाति, पिछड़ा-अगड़ा पर आधारित थी। विभाजनकारी राजनीति लंबे समय से चलन में थी। वोट बैंक की राजनीति जारी रही। लेकिन पीएम मोदी ने भारत को एक नया राजनीतिक संदेश दिया - सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास-तभी देश आगे बढ़ेगा। नड्डा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पीएम मोदी ने जिस तरह से देश को मजबूत किया है, वह इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।