हिमाचल में बारिश का कहर: पांगी में तीन जगह बादल फटे, फ्लैश फ्लड से पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त, लाहुल का संपर्क टूटा

1000266371

Rain havoc in Himachal: Cloudbursts at three locations

चंबा/मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम कड़े तेवर दिखा रहा है। जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी में सोमवार को तीन जगह बादल फटे। हिलु, उदीन और थांदल क्षेत्रों में बादल फटने के बाद संबंधित नालों में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मची है। उदीन नाले और हिलु नाले पर बने छोटे पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सड़कों को भी भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ के दौरान लोगों ने भागकर जान बचाई। 

लाहुल में जाहलमा नाले पर अस्थायी पुल बहा

उधर, जिला लाहुल-स्पीति के जाहलमा नाले में आई बाढ़ से अस्थायी पुल बह गया है। इस कारण तांदी संसारी मार्ग बंद हो गया है। उदयपुर उपमंडल सहित पांगी का लाहुल घाटी से संपर्क कट गया है।

सैकड़ों वाहन फंसे

पुल बह जाने से नाले के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। सड़क बंद होने से मटर की गाड़ियां भी फंस गई हैं। इस कारण किसानों की दिक्कत बढ़ गई है। नाले में पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। 

चंद्रभागा नदी में बन गई झील

बाढ़ में पानी के साथ साथ भारी भरकम मलबा भी आ रहा है जिससे चंद्रभागा नदी में झील बन गई है। चंद्रभागा नदी में डैम का दायरा बढ़ने से जोबरंग पुल भी डूब गया है, जिससे जोबरंग सहित रापे व राशेल गांव के ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ गई है। 

फ्लड से फसलों को नुकसान

पांगी में फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से हिलु, उदीन और थांदल गांवों में किसानों की नगदी एवं मौसमी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज बहाव के कारण खेतों में खड़ी फसलें और कृषि भूमि प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभाग स्थिति का आकलन करने में जुट गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों और परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन की एडवायजरी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलियों की शीघ्र मरम्मत तथा प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।