साइबर ठगों ने केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक को लगाया चूना: 20.85 लाख रुपये ठगे
- By Gaurav --
- Thursday, 28 Aug, 2025
Cyber fraudsters dupe a Kendriya Vidyalaya teacher
Cyber Crime in Dehradun: लक्सर के केंद्रीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक राजकुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर चार गुना मुनाफा देने का लालच दिया। इस झांसे में आकर उन्होंने 20.85 लाख रुपये गंवा दिए।
घटना 12 जुलाई को शुरू हुई, जब राजकुमार को 'इनवेस्टमेंट सर्किल' नामक वाट्सएप ग्रुप का लिंक मिला। ग्रुप में शामिल होने पर उन्होंने देखा कि राजीव मेहता और कृतिका जोशी एडमिन थे। ग्रुप में कुल 40 सदस्य थे।
15 जुलाई को कृतिका जोशी ने एक एप का लिंक भेजा। राजकुमार ने एप पर पंजीकरण किया। ठगों ने उन्हें निवेश के लिए बैंक खाता नंबर दिया। 15 से 19 जुलाई के बीच राजकुमार ने कई किश्तों में 20,85,806 रुपये का निवेश किया। उन्हें मुनाफे के रूप में मात्र 50 हजार रुपये मिले।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह रौतेला के अनुसार मामले की जांच जारी है।
सरकार और प्रशासन लगातार लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक कर रहे हैं। अधिकारियों की सलाह है कि अनजान लिंक या कॉल का जवाब न दें। साथ ही बिना पूरी जानकारी के किसी लुभावनी योजना में शामिल न हों।