ABVP के स्थापना दिवस पर सीएम रेखा गुप्ता ने दी शुभकामनाएं, बोलीं- विद्यार्थी परिषद ने दिए राष्ट्रसेवा के संस्कार
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Jul, 2026
CM Rekha Gupta Greets
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 78वें स्थापना दिवस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संगठन के वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ताओं तथा छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ABVP ने उन्हें राष्ट्रसेवा के संस्कार, सार्वजनिक जीवन की दिशा और समाज के प्रति समर्पण का भाव दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कुछ ऋण जीवन भर चुकाए नहीं जाते, केवल अपने कर्मों से निभाए जाते हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का ऋण मेरे जीवन पर ऐसा ही है। ABVP ने मुझे राष्ट्रसेवा के संस्कार दिए और जीवन का उद्देश्य दिया।"
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद में उन्होंने सीखा कि राष्ट्र सर्वोपरि है, सेवा सबसे बड़ा धर्म है और किसी कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके समर्पण से होती है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा को ABVP ने दिशा दी। संगठन की बदौलत उन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) की अध्यक्ष के रूप में विद्यार्थियों की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के लोगों की 24 घंटे, वर्ष के 365 दिन सेवा करने की प्रेरणा और शक्ति भी उन्हें विद्यार्थी परिषद से मिले संस्कारों से ही मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ABVP ने उन्हें यह भी सिखाया कि समाज का विश्वास ही किसी कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने संगठन के सभी वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "राष्ट्र प्रथम" की भावना आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहे।