चंबा में बादल फटने से भारी तबाही, फसलें बर्बाद, स्कूल भवन क्षतिग्रस्त, पांगी का संपर्क टूटा

चंबा में बादल फटने से भारी तबाही, फसलें बर्बाद, स्कूल भवन क्षतिग्रस्त, पांगी का संपर्क टूटा

1000265587

Cloudburst causes massive devastation in Chamba

चंबा। Cloudburst causes massive devastation in Chamba, हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा जनजातीय उपमंडल पांगी में रविवार सुबह बादल फटने की घटना के बाद कई क्षेत्रों में भारी तबाही देखने को मिली। पंचायत किरयुनी और पंचायत कुमार के परमार धार क्षेत्र में सुबह करीब 9:30 बजे बादल फटने से नालों में उफान आ गया। बाढ़ में किसानों की नकदी एवं अन्य मौसमी फसलों को भारी क्षति पहुंची है।

स्कूल की दीवारें तोड़कर अंदर घुसा मलबा

वहीं, चुवाड़ी के तहत राजकीय हाई स्कूल काहरी का भवन भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। पहाड़ी से मलबा दीवार तोड़कर भवन के अंदर पहुंच गया। इन दिनों स्कूल में छु‌ट्टियां हैं, इस कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यदि स्कूल समय में भूस्खलन होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। 

बह गई मटर व आलू की फसल 

भारी वर्षा के कारण परमार क्षेत्र में मटर, आलू सहित अन्य कृषि एवं नकदी फसलें प्रभावित हुई हैं। पंचायत के उपप्रधान मान सिंह ने बताया कि बादल फटने के बाद आई बाढ़ से खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मटर और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। वास्तविक क्षति का आकलन प्रशासन की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद ही सामने आ सकेगा।

पांगी का संपर्क कटा

वहीं, भारी बारिश के चलते सिद्ध मंदिर के पास स्थित नाले में अचानक भीषण बाढ़ आ गई। बाढ़ के साथ आए मलबे से सीमा सड़क संगठन के अधीन संसारी नाला-तांदी मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया, जिसके कारण सड़क फिलहाल यातायात के लिए बंद हो गई है। सड़क बंद होने से पांगी का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों तथा यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

परमार के स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने तथा बंद सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है।

क्या कहते हैं नायब तहसीलदार

उप तहसील साच के नायब तहसीलदार नाजिर हुसैन का कहना है कि मामला ध्यान में आया है, जल्द टीम को मौके पर भेजकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया जाएगा।