सोनू शाह मर्डर केस: जोगिंदर सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र न मिलने से अभियोजन साक्ष्य बंद
Sonu Shah Murder Case
चंडीगढ़,4 फरवरी 2026: Sonu Shah Murder Case: अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अश्वनी कुमार की अदालत ने चर्चित सोनू शाह मर्डर केस में घायल गवाह जोगिंदर सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध न हो पाने के चलते राज्य बनाम धर्मेंद्र सिंह मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
अदालत ने यह फैसला इस आधार पर लिया कि जोगिंदर सिंह के संबंध में मृत्यु रिपोर्ट हासिल करने के लिए लंबे समय तक प्रयास किए गए, लेकिन उसके बावजूद न तो उसकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि हो सकी और न ही उसके वर्तमान ठिकाने का कोई सुराग मिल पाया।
मृत्यु जांच रिपोर्ट के अनुसार, जोगिंदर सिंह की पत्नी सुनीता ने बताया कि वह पिछले 12–13 वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है और उसे यह जानकारी नहीं है कि जोगिंदर जीवित है या मृत। वहीं, जोगिंदर के पैतृक गांव हाट, जिला जींद में की गई जांच के दौरान उसके भतीजे सुनील ने बताया कि जोगिंदर करीब तीन वर्ष पहले बीमार अवस्था में गांव आया था, इलाज के बाद बिना किसी को बताए चला गया और उसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिवार के पास न तो जोगिंदर का आधार कार्ड है और न ही कोई संपर्क विवरण।
यह मामला 28 सितंबर 2019 की उस घटना से जुड़ा है, जिसमें राजवीर सिंह उर्फ सोनू शाह की गैंगवार में हत्या हो गई थी, जबकि जोगिंदर सिंह और परमिंदर घायल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी परवीन शाह ने अदालत में बयान देते हुए कहा कि जोगिंदर उर्फ पहलवान और रोमी उर्फ परमिंदर की मृत्यु हो चुकी है। हालांकि, जोगिंदर सिंह की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं, अभियोजन पक्ष के गवाह परमिंदर की मृत्यु रिपोर्ट 19 जनवरी 2026 को प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद अभियोजन ने उसे गवाहों की सूची से हटा दिया।
इन हालातों को देखते हुए अदालत ने माना कि जोगिंदर सिंह की मृत्यु प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त प्रयास किए गए, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका। ऐसे में अदालती आदेश से अभियोजन साक्ष्य बंद कर दिए गए।
अदालत ने अब मामले में सभी आरोपियों के धारा 313 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत बयान दर्ज करने के लिए अगली कार्यवाही तय की है। इस मामले में नामजद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को भी आरोपी के तौर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।