सोनीपत में ‘प्रोजेक्ट अक्षर’ की शुरुआत, निपुण हरियाणा मिशन को मिलेगा नया बल
‘Project Akshar’ launched in Sonipat, Nipun Haryana Mission to get a new impetus
आधारभूत साक्षरता और गणन क्षमता (Foundational Literacy & Numeracy – FLN) को मजबूत करने की दिशा में सोनीपत जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘प्रोजेक्ट अक्षर’ की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की सीखने की गुणवत्ता में ठोस सुधार लाना है।
सोमवार को सुशील सारवान, उपायुक्त सोनीपत ने राजकीय प्राइमरी स्कूल बनवासा से इस परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि परियोजना का मुख्य लक्ष्य कक्षा 3 तक प्रत्येक बच्चे को आधारभूत साक्षरता और गणन क्षमता में दक्ष बनाना है। इसके तहत जिले के कथूरा ब्लॉक को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है, जिसे हरियाणा का पहला पूर्ण निपुण ब्लॉक बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
डीसी सुशील सारवान ने बताया कि निपुण हरियाणा मिशन की शुरुआत 31 जुलाई 2021 को भारत सरकार के निपुण भारत मिशन के अनुरूप की गई थी। प्रारंभ में यह मिशन कक्षा 1 से 3 तक सीमित था, लेकिन शैक्षणिक सत्र 2024–25 से इसे कक्षा 4 और 5 तक भी विस्तारित कर दिया गया है, जिससे प्रारंभिक शिक्षा की नींव और मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि सोनीपत जिला निपुण हरियाणा मिशन के तहत शिक्षा सुधारों के क्रियान्वयन में लगातार अग्रणी रहा है। हाल ही में आयोजित सेंसस ग्रुपिंग अभ्यास में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। कैटेगरी A स्कूलों की संख्या जहां पहले 4 प्रतिशत थी, वह अब बढ़कर 57 प्रतिशत हो गई है, जबकि कैटेगरी C स्कूलों की संख्या 75 प्रतिशत से घटकर 14 प्रतिशत रह गई है।
इसी प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए ‘प्रोजेक्ट अक्षर’ को डेटा-आधारित पायलट मॉडल के रूप में लागू किया गया है। इसके तहत कथूरा ब्लॉक के सभी 24 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को शामिल किया गया है। लक्ष्य है कि कक्षा 2 के कम से कम 75 प्रतिशत विद्यार्थी FLN दक्षताएं हासिल करें।
परियोजना के अंतर्गत कक्षा 2 के विद्यार्थियों का हर माह हिंदी और गणित में मोबाइल आधारित मानकीकृत टूल्स से स्वतंत्र मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के आधार पर सीखने की कमियों की पहचान कर लक्षित वर्कशीट्स और शिक्षक सहायता सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 13 विधि विद्यार्थियों को स्वतंत्र आकलनकर्ता नियुक्त किया गया है, जबकि 24 अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए गए हैं।
डीसी ने बताया कि पहले चरण का मूल्यांकन 2 और 3 फरवरी 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। ‘प्रोजेक्ट अक्षर’ के माध्यम से सोनीपत जिला निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत कर रहा है।