अकाली दल ने चंडीगढ़ में बुलाई कोर कमेटी की मीटिंग; बिक्रम सिंह मजीठिया की रिहाई के बाद पहली बड़ी बैठक, पंजाब में राजनीतिक हलचल
Punjab Shiromani Akali Dal Called Core Committee Meeting In Chandigarh
Shiromani Akali Dal: शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने कोर कमेटी की अहम मीटिंग बुलाई है। यह मीटिंग कल वीरवार सुबह 11 बजे सुखबीर बादल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ स्थित अकाली दल के कार्यालय में होने वाली है। गौर करने वाली बात ये है कि बिक्रम सिंह मजीठिया की रिहाई के बाद अकाली दल की यह पहली बड़ी बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि मीटिंग में पार्टी प्रबंधन और 2027 के आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी और योजनाओं पर बात की जाएगी। हाल ही में सुखबीर बादल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि जल्द ही अकाली दल पंजाब में बड़ी रैलियां करेगा। यानि अकाली दल अभी से ही चुनावी तैयारी में है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया 3 फरवरी को जेल से बाहर आ गए हैं। मजीठिया पिछले 7 महीनों से पटियाला की नाभा जेल में बंद थे। ज्ञात रहे कि 25 जून 2025 को पंजाब विजिलेन्स की टीम ने अमृतसर स्थित मजीठिया के आवास पर छापेमारी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी आय से अधिक संपत्ति मामले में की गई थी। बिक्रम मजीठिया को जमानत मिलने के बाद अकाली दल और तमाम समर्थकों में खुशी का माहौल बना हुआ है और न्याय की जीत होने की बात कही जा रही है। वहीं जेल से बाहर आते ही मजीठिया ने भी भगवंत मान सरकार पर सीधा हमला बोला था।