झारखंड पुलिस महकमे में हलचल: 19 इंस्पेक्टरों को डीएसपी पद पर प्रोन्नति की तैयारी
Buzz in the Jharkhand Police Department
रांची। Buzz in the Jharkhand Police Department, राज्य में एक बार फिर 19 इंस्पेक्टरों को डीएसपी संवर्ग में प्रोन्नति की तैयारी है। इसके लिए झारखंड सरकार की गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस मुख्यालय से पत्राचार किया है। गृह विभाग ने जारी पत्र में बताया है कि डीएसपी की मूल कोटि में 391 स्वीकृत पद के विरुद्ध वर्तमान में 327 डीएसपी कार्यरत हैं।
वर्तमान में 64 पद रिक्त हैं, जिसमें सीधी बहाली से भरे जाने वाले 45 पद पर इंस्पेक्टर से डीएसपी में प्रोन्नति से भरे जाने वाले 19 पद शामिल हैं।
गत वर्ष 25 जून 2025 को भी राज्य सरकार ने 64 इंस्पेक्टरों को डीएसपी में प्रोन्नति दी थी। इनमें से सिर्फ छह नवप्रोन्नत डीएसपी को उनकी सेवानिवृत्ति से करीब चार-पांच दिन पहले पदस्थापन कर दिया था, ताकि उन्हें प्रोन्नति संबंधित लाभ सेवानिवृत्ति के बाद भी मिल सके।
अब भी 58 नवप्रोन्नत डीएसपी ऐसे हैं, जो पिछले नौ महीने से पदस्थापन का इंतजार कर रहे हैं। वे कहने को डीएसपी हैं, लेकिन पदस्थापन नहीं होने से अब भी इंस्पेक्टर का ही काम कर रहे हैं।
उनकी प्रोन्नति संबंधित अधिसूचना में ही इस बात का उल्लेख था कि उनकी प्रोन्नति उनके पदस्थापन की तिथि से प्रभावी होगी, इसलिए प्रोन्नति के बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ऐसे डीएसपी के पदस्थापन के लिए झारखंड पुलिस एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल गृह सचिव वंदना दादेल से भी मिल चुका है, लेकिन कोई लाभ नहीं मिल सका।
डेढ़ साल से कर रहे हैं पोस्टिंग का इंतजार
राज्य में सीधी बहाली से सातवीं व दसवीं जेपीएससी के माध्यम से चयनित 39 डीएसपी प्रशिक्षण पूरा कर पासिंग आउट परेड भी कर चुके हैं। वे डेढ़ साल से अधिक समय से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
उनका भी अब तक पदस्थापन नहीं हो सका है। ऐसे डीएसपी को किसी-किसी मौके पर सिर्फ विधि व्यवस्था ड्यूटी में लगाया जाता है। पदस्थापन नहीं होने से उनमें भी व्यवस्था के प्रति असंतोष है।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी पदस्थापन नहीं होने का मामला सदन में उठा था, जिसमें सरकार की ओर से जवाब दिया गया था कि पदस्थापन प्रक्रियाधीन है।