जयपुर में सनसनीखेज वारदात: भाजपा नेता रामावतार असवाल की गला रेतकर हत्या
BJP Leader Ramavatar Aswal Murdered—Throat Slit
जयपुर। BJP Leader Ramavatar Aswal Murdered—Throat Slit, जयपुर जिले के मनोहरपुर में एक भाजपा नेता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता का शव खून से सना हुआ कबाड़ के गोदाम में मिला है। मनोहरपुर पुलिस थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रामावतार असवाल की गला रेतकर हत्या की गई है।
असवाल का शव उनके खुद के कबाड़ के गोदाम में मिला है। असवाल सोमवार रात गोदाम में थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक अज्ञात व्यक्ति रात करीब आठ बजे असवाल के गोदाम में पहुंचा और फिर बातचीत के दौरान उसने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
भाजपा नेता की गला रेतकर हत्या
देर रात तक असवाल घर नहीं पहुंचे तो तलाशते हुए स्वजन गोदाम में पहुंचे। गोदाम में असवाल का शव खून से सना हुआ पड़ा था। स्वजन उन्हे निम्स अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह स्वजनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवा कर आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया । करीब नौ घंटे तक स्वजन एवं भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे।
कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
मंगलवार शाम को पुलिस के उच्च अधिकारियों ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी,एक मृतक आश्रित को संविदा पर नौकरी,डेयरी बूथ एवं सात लाख रूपए की मुआवाजा का आश्वासन दिया तो धरना समाप्त किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपित की तलाश करने के साथ ही हत्या के कारणों की जांच कर रही है।