अलवर में बुलेट स्टंट के बाद थाने पर हमला, 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने मचाया उत्पात; SHO घायल

अलवर में बुलेट स्टंट के बाद थाने पर हमला, 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने मचाया उत्पात; SHO घायल

Attack on Police Station Following Bullet Stunt

Attack on Police Station Following Bullet Stunt

Rajasthan : राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक लोगों की उग्र भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया. उपद्रवियों ने थानाधिकारी (SHO) सहित कई पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला किया और पथराव करते हुए थाने में जमकर तोड़फोड़ की. हमले के बाद थाने के अंदर फर्श पर खून के छींटे और शीशे के टुकड़े बिखरे नजर आए.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

घटना की शुरुआत रात करीब 11 बजे हुई, जब दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्टंट कर रहे थे और तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ रहे थे. सड़क पर हो रही इस हुड़दंगबाजी से परेशान होकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने की बाइक जब्त

शिकायत मिलने के बाद गोविंदगढ़ थाने से एएसआई (ASI) मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को ऐसा करने से मना किया. लेकिन, वे पुलिस के साथ ही उलझ गए. इसके बाद पुलिस ने बुलेट बाइक को जब्त कर लिया और थाने ले आई.

पहले थाने पर किया पथराव

अपनी बुलेट बाइक का जब्त होना युवकों को नागवार गुजरा. इसके कुछ ही देर बाद, 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ लाठी-डंडों के साथ गोविंदगढ़ थाने पहुंच गई. भीड़ ने आते ही थाने पर भारी पथराव शुरू कर दिया और पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए.

SHO के चेहरे पर आए 8 टांके

इस हिंसक झड़प में थानाधिकारी धर्म सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके चेहरे पर 8 टांके लगाए गए. हमले के बाद पूरे थाने में खून और हर तरफ तबाही के निशान साफ देखे जा सकते थे.

एक दर्जन आारेपियों को पुलिस ने पकड़ा

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया. पुलिस ने तुरंत कड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग एक दर्जन उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.