हरियाणा में 33.66 लाख मतदाता सूची से हो सकते हैं बाहर, 24 जुलाई तक सत्यापन का आखिरी मौका
- By Gaurav --
- Thursday, 16 Jul, 2026
33.66 Lakh Voters May Be Removed
हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान अब तक 33.66 लाख मतदाता ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिनके नाम अंतिम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं। यह संख्या प्रदेश के कुल मतदाताओं का लगभग 16.30 प्रतिशत है। यदि अंतिम सूची में भी यही स्थिति बनी रहती है तो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 37 हजार से अधिक मतदाता कम हो सकते हैं, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों के समीकरण प्रभावित होने की संभावना है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार संभावित रूप से हटाए जाने वाले मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार तक यह संख्या 33.36 लाख थी, जो बुधवार तक बढ़कर 33.66 लाख हो गई। यानी एक दिन में करीब 30 हजार नए नाम इस श्रेणी में शामिल हुए। अधिकारियों का अनुमान है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान पूरा होने तक यह आंकड़ा 40 लाख के करीब पहुंच सकता है।
सत्यापन के दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है, जो अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए हैं।
निर्वाचन विभाग ने 15 जुलाई शाम 4 बजे तक प्रदेश के 2.06 करोड़ मतदाताओं में से 99.83 प्रतिशत तक गणना प्रपत्र पहुंचा दिए हैं। हालांकि अब तक केवल 82.53 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो पाया है। करीब 2.41 लाख मतदाताओं का सत्यापन और डिजिटाइजेशन अभी शेष है। इसी को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में सबसे अधिक 5.09 लाख, गुरुग्राम में 4.01 लाख, सोनीपत में 2.44 लाख, करनाल में 2.12 लाख और पानीपत में 1.89 लाख मतदाताओं के नाम हटने की संभावना है। वहीं डिजिटाइजेशन के मामले में फतेहाबाद, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला अभी पीछे हैं।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करेंगे। इसके बाद 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पर 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, वे 24 जुलाई तक इसे अपने बीएलओ या ऑनलाइन माध्यम से अवश्य जमा कर दें। समय पर प्रपत्र जमा नहीं करने पर संबंधित मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकता।