चंडीगढ़ में तेज रफ्तार SUV कार का कहर; सड़क पर मां-बेटे को मारी टक्कर, खून से लथपथ हुई महिला, स्कूल से बेटे को लेकर आ रही थी

Chandigarh SUV Car Hits Mother Son On Road Accident News

Chandigarh SUV Car Hits Mother Son On Road Accident News

Chandigarh Accident News: चंडीगढ़ के सेक्टर-28 में गुरूवार दोपहर एक तेज रफ्तार SUV कार का कहर देखने को मिला. कार ने यहां एक महिला और उसके बेटे को टक्कर मार दी. महिला अपने बेटे के साथ सड़क पार कर घर जा रही थी. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार की टक्कर से महिला बुरी तरह से लहूलुहान होकर सड़क पर बेसुध पड़ गई. वहीं गनीमत इतनी रही कि बेटे को इस हादसे में बहुत ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा.

हालांकि वह भी मामूली रूप से घायल हुआ है. मां और बेटे दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. लोग इकट्ठे हो गए थे. जिससे कुछ देर ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ. बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला कार चालक मौके से भागा नहीं और उसने घायल महिला और बच्चे को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

स्कूल से बेटे को साथ लेकर आ रही थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस दौरान हुआ जब महिला अपने बेटे को स्कूल की छुट्टी होने पर अपने साथ घर लेकर जा रही थी. इस बीच जब दोनों सड़क पार करने लगे तो SUV कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसा होने से मौके पर हडकंप मच गया. वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई. पुलिस हादसे के कारणों पता लगाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.