प्रधानमंत्री मोदी के जालंधर दौरे को लेकर सुरक्षा अलर्ट, NH-44 पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
Security alert issued for Prime Minister Modi's visit to Jalandhar
प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जालंधर का दौरा करेंगे।
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन करेंगे।
NH-44 पर यातायात में अस्थायी बदलाव, अनावश्यक यात्रा से बचें।
चंडीगढ़। Security alert issued for Prime Minister Modi's visit to Jalandhar, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:40 बजे जालंधर पहुंचेंगे और लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में रहेंगे।
इस दौरान वह जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही देशभर के 74 अन्य अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। विशेष डीजीपी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के बिल्कुल निकट होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के तहत यातायात में अस्थायी बदलाव किए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि 17 जुलाई को दोपहर दो बजे से शाम 5:30 बजे के बीच लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले एनएच-44 पर अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि किसी को इस दौरान यात्रा करनी ही हो तो वह अपने सफर का समय बदल लें या निर्धारित अवधि से पहले अथवा बाद में यात्रा करें।
कई रूट डायवर्ट
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकना नहीं है। जहां आवश्यक होगा, वहां वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी।
प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ-साथ आम जनता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसी के तहत यातायात को पूरी तरह बंद करने के बजाय डायवर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जल्द जारी की जाएगी।
रेलवे की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील
विशेष डीजीपी ने यह भी बताया कि कार्यक्रम रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होने के कारण कुछ समय के लिए रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर ऐसा प्रबंध किया जा रहा है कि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।
उन्होंने 17 जुलाई को रेल यात्रा करने वाले यात्रियों से रेलवे की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह रेलवे विभाग का कार्यक्रम है, इसलिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।