दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत
- By Gaurav --
- Thursday, 16 Jul, 2026
Two Friends Killed After Being Hit
दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर आसौदा फ्लाईओवर के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान आसौदा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार और सोनीपत जिले के गांव रोहणा निवासी 29 वर्षीय विकास के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, विकास मंगलवार को अपने दोस्त सुनील से मिलने आसौदा आया था। शाम को दोनों बातचीत करते हुए टहलने निकले थे। इसी दौरान वे आसौदा फ्लाईओवर के पास दिल्ली-रोहतक रेलवे ट्रैक के नजदीक पहुंच गए। तभी तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।