अब Rail Ticket झट से होगी बुक; IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च, यूजर फ्रेंडली इंटरफेस, तेज बुकिंग, प्रोसेस पहले से आसान
IRCTC New Website Launch How to Book Rail Ticket in 5 Easy Steps
IRCTC New Website Launch: लोग ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग सिस्टम को लेकर बेहद निराश और परेशान रहते थे. लेकिन अब उम्मीद है कि उनकी यह समस्या खत्म हो जाएगी. दरअसल 'भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन' यानि IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च कर दी गई है. बुधवार रात 9 बजे के करीब IRCTC की नई वेबसाइट का Beta Version आम लोगों के लिए लाइव कर दिया गया. इसके साथ ही रेलवे ने अपनी नई IRCTC बीटा वर्जन वेबसाइट के लिए लोगों के कीमती सुझाव भी मांगे. यानि वह इसे उपयोग कर अपने अनुभव को रेलवे को बता सकते हैं और अगर अब भी कोई कमी है तो जानकारी दे सकते हैं.
IRCTC की नई वेबसाइट में 4 बड़े बदलाव
IRCTC की नई वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग सिस्टम और प्रोसेस को पहले से ज्यादा आसान, अधिक सुविधाजनक, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाना है. क्योंकि लंबे समय से लगातार यात्रियों की शिकायत आ रही थी कि टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट बहुत स्लो हो जाती है, क्रैश कर जाती है. हैंग मार जाती है, बार-बार कैप्चा भरना पड़ता है और बुकिंग के समय कई पॉप-अप्स के कारण काफी परेशानी होती है. यही सब देखते हुए अब रेलवे की ओर से IRCTC की नई वेबसाइट में 4 बड़े बदलाव और सुधार किये गए हैं. अब नई वेबसाइट में यात्रियों को ये सब समस्या पेश नहीं आयेगी.
IRCTC की नई वेबसाइट में हुए 4 बड़े बदलाव में पहला इसमें अब फालतू कैप्चा, पॉप-अप या ध्यान भटकाने वाली दूसरी चीज़ें नहीं हैं. दूसरा, अब यात्री किसी भी ट्रेन में एक साथ सभी क्लास में सीट की उपलब्धता देख सकते हैं. तीसरा, इसमें टिकट बुक करने के लिए ज़रूरी स्टेप्स की संख्या पहले से कम कर दी गई है और वेबसाइट अब रजिस्टर्ड यात्रियों की जानकारी सेव करके रखेगी, जिससे यात्रियों के लिए दोबारा बुकिंग करना आसान हो जाएगा. वरना बार-बार टिकट बुकिंग के लिए बार जानकारी भरनी पड़ती थी. जिससे समय बचेगा.
IRCTC की नई वेबसाइट पर कैसे बुक कर सकेंगे टिकट?
आप आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट पर टिकट कैसे बुक कर सकेंगे, आइए आपको यह बताते हैं. नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग सिस्टम को हम स्टेप्स वाइज समझेंगे. बता दें कि IRCTC की नई वेबसाइट पर जाने के लिए आपको कुछ नया सर्च नहीं करना है. पहले की तरह ही आपने IRCTC लॉगइन पर जाना है. आप नया पोर्टल इसी लिंक से एक्सेस कर सकेंगे और अपनी टिकट बुक कर पायेंगे. पहले स्टेप में वेबसाइट पर जाएं और फिर नई IRCTC Beta वेबसाइट खोलें. इसके बाद वहां लॉग इन पर जाकर अपने यूजर आईडी तथा पासवर्ड से लॉगिन करें. अगर आपका अकाउंट नहीं है, तो फिर आपको पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा.
इसी तरह दूसरे स्टेप में आपके सामने आपकी यात्रा के विवरण को मांगे जाने का इंटरफेस खुलेगा. जहां आपको From Station, To Station, यात्रा की तारीख भरनी है और इसके बाद Search Trains पर क्लिक करें. इसके बाद आपको क्लास (Sleeper, AC आदि) चुनना है. इसी प्रकार तीसरे स्टेप में अब आपके सामने उपलब्ध ट्रेनों की लिस्ट दिखाई देगी. यहां जिस ट्रेन में आपको यात्रा करनी है उसमें चेक पर क्लिक करें. जैसे ही आप क्लिक करेंगे, आपके सामने एक साथ ही उस ट्रेन में सभी क्लास में सीट उपलब्धता, किराया की जानकारी आ जाएगी.
वहीं चौथे स्टेप में अब Passenger Name, Age, Gender, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें. जरूरत होने पर यात्रा बीमा और अन्य ऑप्शन भी चुन सकते हैं. पांचवे स्टेप में अब UPI, Net Banking, Debit Card, Credit Card या अन्य उपलब्ध पेमेंट ऑप्शन से पेमेंट करें, पेमेंट कम्पलीट होते ही आपका ई-टिकट तैयार हो जाएगा, जिसे डाउनलोड या SMS/ईमेल के जरिए देखा जा सकता है. इसके बाद अब अपनी यात्रा कर सकते हैं.
Tatkal टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज
IRCTC New Website का सबसे बड़ा फायदा Tatkal टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को मिल सकता है. क्योंकि अक्सर तत्काल बुकिंग के समय वेबसाइट पर लोड ज्यादा होता है और समय कम होने और साइट स्लो होने की वजह से टिकट नहीं हो पाती. लेकिन अब नई वेबसाइट को अधिक टिकट प्रोसेसिंग क्षमता और ज्यादा ट्रैफिक संभालने के हिसाब से अपग्रेड किया गया है, जिससे पीक टाइम पर भी बेहतर स्पीड मिलने की उम्मीद है और आपको कन्फर्म टिकट मिल सकता है.
अब साफ-सुथरा हुआ IRCTC इंटरफेस
आईआरसीटीसी वेबसाइट का नया डिजाइन इस तरह से तैयार किया गया कि उसमें होम इंटरफेस पहले से ज्यादा साफ-सुथरा और हल्का दिखाई देता है. नई वेबसाइट में यह सबसे बड़ा बदलाव है. बेवजह Flashing Graphics नहीं दिखाई देते. जरूरी ऑप्शन आसानी से नजर आते हैं, जिससे नए यूजर्स को भी टिकट बुक करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती. वेबसाइट को मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप तीनों पर बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है.

जयपुर MNIT की छात्रा ने रेल मंत्री से की थी शिकायत
IRCTC की नई वेबसाइट जयपुर MNIT की छात्रा की शिकायत के बाद लॉन्च की गई है. दरअसल रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जून में राजस्थान के जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में छात्रों से संवाद करने पहुंचे थे. तब वहां पर छात्रों से बातचीत के दौरान एक छात्रा ने रेल मंत्री से सीधे शिकायत करते हुए कहा था कि, ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान IRCTC की वेबसाइट हैंग हो जाती है. इसके बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने विभाग में वहीं तुरंत फ़ोन कर कहा था कि वेबसाइट दिक्कत कर रही है, नई वेबसाइट बनाकर दो. रेल मंत्री ने उस समय कहा था कि रेलवे अब IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च करेगा.
.jpg)
.jpg)