खाटूश्यामजी हादसा: रींगस-खाटू मार्ग पर टक्कर में 23 श्रद्धालु घायल, 7 गंभीर

खाटूश्यामजी हादसा: रींगस-खाटू मार्ग पर टक्कर में 23 श्रद्धालु घायल, 7 गंभीर

23 Devotees Injured in Collision on Ringas-Khatu Road; 7 Critical

23 Devotees Injured in Collision on Ringas-Khatu Road; 7 Critical

Sikar News: राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में आज सुबह खुशियों के बीच मातम पसर गया. सीकर जिले के रींगस से खाटूधाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. रींगस-खाटू मार्ग पर स्थित गोल्डन वाटर पार्क के पास एक कैंपर और सवारी गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें 23 श्रद्धालु घायल हो गए हैं.

दोनों गाड़ियां बुरी तरह डैमेज

चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. रींगस से सवारी भरकर खाटू जा रही गाड़ी जैसे ही गोल्डन वाटर पार्क के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कैंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आस-पास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल श्याम भक्तों को गाड़ियों से बाहर निकाला.

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 7 भक्त रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल, खाटूश्यामजी ले जाया गया. अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अस्पताल में कुल 23 घायलों को लाया गया है. घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया.

गंभीर घायलों को हायर सेंटर भेजा गया

पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह ने जानकारी दी कि 23 घायलों में से 7 श्रद्धालुओं की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (सीकर या जयपुर) रेफर कर दिया गया है. शेष घायलों का इलाज खाटूश्यामजी के उप जिला अस्पताल में जारी है. घायल श्रद्धालु राजस्थान और अन्य राज्यों से श्याम बाबा के दर्शन के लिए आए थे.