चित्तौड़गढ़ में भीषण बस हादसा: 1 की मौत, 20 घायल, सांवलिया जी दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु
Horrific Bus Accident in Chittorgarh
चित्तौड़गढ़। Horrific Bus Accident in Chittorgarh, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार (26 मई) सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक निजी बस के पलट जाने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
सांवलिया जी दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुई बस में सवार सभी श्रद्धालु श्री श्री सांवलिया जी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री रेलवे स्टेशन से बस में सवार होकर मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
सुबह करीब 5:30 बजे यह हादसा भादसोड़ा क्षेत्र के बागुंड और भादसोड़ा नेशनल हाईवे पर हुआ।
तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक से पलटी बस
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान अचानक सामने एक वाहन आ जाने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही बस असंतुलित होकर हाईवे पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
4–5 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही 4 से 5 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। घायलों को पहले भादसोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रेफर कर दिया गया।
गंभीर घायलों को उदयपुर रेफर किया गया
हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। कुछ गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अधिकांश श्रद्धालु उत्तर प्रदेश और दिल्ली के रहने वाले हैं। वहीं एक घायल यात्री राजस्थान के बारां जिले का भी बताया जा रहा है।
मेवाड़ एक्सप्रेस से पहुंचे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु सुबह मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन से उदयपुर पहुंचे थे। इसके बाद वे बस के माध्यम से सांवलिया जी मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए थे, तभी यह हादसा हो गया।
जांच जारी, स्थिति पर नजर
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और राहत कार्य लगातार जारी है।