Year Ender 2023 Incidents Review Stories

जाते साल की चर्चित घटनाएं; किसी ने चूमी कामयाबी तो कोई तबाही के मंजर में खो गया, आखिरी दिन देखिए 2023 की अच्छी-बुरी तस्वीर

Year Ender 2023 Incidents Review Stories

Year Ender 2023 Incidents Review Stories

Year Ender 2023 Incidents: नया साल नई उम्मीदें लेकर आता है तो बीता हुआ साल बहुत सीख देता हुआ जाता है। चंद्रयान और विश्व क्रिकेट कप की कुछ मीठी यादें अपने में समेटे साल 2023 हमसे विदा ले रहा है। अब जब नये साल के स्वागत के लिए जश्न के कार्यक्रम शेड्यूल हो चुके हैं, यह बिलकुल सही वक्त है जब हम थोड़ा ठहर कर देंखे कि साल 2023 अपने गर्भ में हमारे लिए क्या लेकर आया था. जनवरी से दिसंबर तक के सफर में दुनिया में क्या कुछ घटा और मानवता को क्या सीख मिली। पढ़ें साल 2023 की महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय घटनाएं जिनसे कहीं ना कहीं हमारा देश भी प्रभावित हुआ।

ग्लोबल वार्मिंग, भूकंप से दुनिया अव्यवस्थित

बिना किसी शक के कहा जा सकता है चुनौतियों से भरा एक कठिन साल. ऐसा साल जिसमें पहले से जारी युद्ध जारी ही नहीं रहे बल्कि नये युद्ध भी शुरू हुए। दुनिया मनचाही व्यवस्था बनाने की कोशिश में थोड़ी ज्यादा अव्यवस्थित हो गई। इस साल ग्लोबल वार्मिंग की वास्तविक झलक हमें देखने को मिली। दुनिया भर के देशों में तापमान ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिये. जलवायु परिवर्तन अब भविष्य का खतरा नहीं रहा. यह दुनिया की नई वास्तविकता है. साल 2023 संभवतः रिकॉर्ड स्तर पर सबसे गर्म वर्ष रहा। साल 2023 की फरवरी में, तुर्की और सीरिया में शक्तिशाली भूकंप आए. पहला भूकंप, जिसकी तीव्रता 7.8 थी, सुबह 4:15 बजे आया, उसके बाद दोपहर 1:24 बजे 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया, जिसके साथ कई तेज झटके आए, जिससे इमारतें ढह गईं. विनाशकारी प्रभाव के परिणामस्वरूप तुर्की में 59,000 और सीरिया में 8,000 लोगों की मृत्यु हुई।

रूस यूक्रेन युद्ध

अब अगर पलट कर देखें तो साल 2023 की शुरुआत में दुनिया भर के राजनीतिक विशेषज्ञों के सामने एक ही सवाल था। रूस यूक्रेन युद्ध किस दिशा में जायेगा। 12 महीने बाद भी यह सवाल जस का तस है। अगर रूस यूक्रेन पर कब्जा करने में पूरी तरह से सफल नहीं हुआ तो यूक्रेन भी रूस को कोई ऐसा बड़ा झटका देने में कामयाब नहीं हो सका जिसका उल्लेख किया जाये। उल्लेखनीय है तो बस युद्ध में मारे जाने वाले सैनिकों और आम नागरिकों की संख्या। संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की कि 24 सितंबर 2023 तक इस युद्ध में 9,701 नागरिक मारे गए हालांकि खुद संयुक्त राष्ट्र ने भी माना कि वास्तविक संख्या इससे अधिक होगी। इस युद्ध में अब तक 17,748 लोग घायल हो चुके हैं।

हमास ने इजरायल पर हमला

साल 2023 अपने गर्भ में कुछ और पाले हुए था. दुनिया को एक बार फिर पिछली लड़ाइयों में मारे गये लोगों की संख्या याद आनी थी. इसबार उस संख्या को इतिहास की सभी संख्याओं को पीछे छोड़ देना था. सितंबर के महीने को खत्म हुए आठ दिन भी नहीं बीते थे 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला कर दिया. यह इजरायल के ऊपर बीते कुछ दशकों में हुआ सबसे बड़ा हमला था. लगभग 1,200 इजरायली मारे गए।

चंद्रयान ने बढ़ाया विश्व में भारत का मान

2 अगस्त 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सफल लैंडिंग हो गई, इसे 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर प्रक्षेपित किया गया था। नवंबर माह में विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

नया संसद भवन और संसद में महिलाओं की भागीदारी

भारत पूरा साल विश्व में सुर्खिया बटोरता रहा।  यही वह साल रहा जब देश की संसद ने लोकसभा एवं राज्य की विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कानून बना। महिला आरक्षण बिल या नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 29 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिल गई और इसी के साथ यह कानून बन गया। इसके साथ ही लोकसभा और देश की सभी विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित हो गई हैं। इस बिल को संसद के विशेष सत्र में पेश किया गया था। यह विधेयक 20 सितंबर को लोकसभा और 21 सितंबर को राज्यसभा में पारित हुआ था। 28 मई 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक तौर पर भारत के नए संसद भवन का उद्घाटन किया। हालांकि भारतीय इतिहास के सबसे गौरवशाली दिनों में से एक विवादों से अछूता न रहा। कुल 20 विपक्षी दलों ने उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने का फैसला किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कार्यक्रम के लिए दरकिनार करने का फैसला किया।

विधानसभा चुनावों में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन

3 दिसंबर को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के चुनाव नतीजे आए और बीजेपी ने इन 4 में से 3 राज्यों में शानदार जीत दर्ज की। बीजेपी ने जहां राजस्थान और छ्त्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया, वहीं मध्य प्रदेश में अपनी कुर्सी बरकरार रखी। कांग्रेस ने भी पहली बार तेलंगाना में विधानसभा चुनाव जीता, जबकि 4 नवंबर को आए मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजो में ZPM ने जीत हासिल की।

यादों के झरोखे से

साल 2023 की शुरुआत में यानी जनवरी माह में सर्वोच्च न्यायालय की 5 जजों की एक संविधान पीठ ने भारत सरकार के विरुद्ध नोटबंदी के फैसले को चुनौती देने वाली एक दो नहीं पूरी 58 याचिकाओं को एक साथ खारिज कर दिया। देश की सबसे बड़ी अदालत ने अपने इस फैसले से यह संदेश देने की कोशिश तो की ही कि सरकार के नीतिगत निर्णयों को तात्कालिक प्रतिक्रियाओं और विरोध की राजनीति से घेरा नहीं जा सकता।जनवरी 2023 में ही भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने ‘इलेक्ट्रॉनिक सुप्रीम कोर्ट रिपोर्ट’ परियोजना की घोषणा की, जिसका उद्देश्य आम वकीलों से लेकर कानून के छात्रों और आम जनता तक को सर्वोच्च न्यायालय के फैसले तक पहुंचने की सुविधा प्रदान करना है। चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पहली बार ‘वोट फ्रॅाम होम’ की शुरुआत की, इसके तहत ऐसे व्यक्ति जो वोट डालने मतदान केंद्र तक नहीं जा सकते, उनके घर में वोट डालने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ तक 3,200 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को वाराणसी में हरी झंडी दिखाई। इसी जनवरी माह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन द्वारा अरुणाचल प्रदेश की सिओम नदी पर बनाए गए पुल का उद्घाटन किया। भारतीय टीम ने आईसीसी के टेस्ट टीम रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करके क्रिकेट जगत में एक नया इतिहास रच दिया था। भारतीय क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है जब राष्‍ट्रीय टीम तीनों प्रारूपों में एक साथ शीर्ष पर काबिज हुई थी। इस साल फरवरी में ही केरल देश का पहला ऐसा राज्य बना, जहां सीवेज की सफाई के लिए रोबोटिक स्क्वेंजर ‘बैंडीक्यूट’ को लांच किया।

देश की ग्रोथ रेट को 6.5% से बढ़ा कर 7%

रिजर्व बैंक ने हाल में अपने संशोधित अनुमान में देश की ग्रोथ रेट को 6.5% से बढ़ा कर 7% कर दिया है। चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 6 महीनों के दौरान पब्लिक सेक्‍टर के बैंकों ने करीब 68,500 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल किया है, जबकि दूसरी छमाही में भी ये रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है. यदि ये रुझान जारी रहता है, तो 2023-24 में पब्लिक सेक्‍टर के बैंकों का शुद्ध लाभ 1.50 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच सकता है, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 1.04 लाख करोड़ रुपये से काफी ज्यादा होगा।

सुर्खियां बनीं समाचार

लोकसभा से निष्कासित की गईं महुआ मोइत्रा

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को ‘पैसे लेकर सवाल पूछने’ के मामले में 8 दिसंबर को लोकसभा की आचार समिति की रिपोर्ट के आधार पर ‘अनैतिक एवं अशोभनीय आचरण’ के लिए सदन की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। इससे पहले सदन में लोकसभा की आचार समिति की रिपोर्ट पर चर्चा के बाद उसे मंजूरी दी गई जिसमें मोइत्रा को निष्कासित करने की सिफारिश की गई थी। महुआ ने 2019 में करीमनगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया था। दक्षिण भारत के अहम राज्य कर्नाटक में मई में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने विधानसभा की 224 में से 135 सीटों पर जीत दर्ज की और एक बड़े बहुमत से अपनी सरकार बनाई। कर्नाटक चुनावों में हार के साथ ही दक्षिण भारत में बीजेपी का सबसे मजबूत किला कर्नाटक ढह गया। बीजेपी को चुनावों में सिर्फ 66 सीटें मिलीं और बीएस येदियुरप्पा की जगह बसवराज बोम्मई को सीएम बनाने का पार्टी का प्लान फेल हो गया। 18 जुलाई 2023 को विपक्षी दलों ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इन्क्लूसिव अलाइंस नाम से एक गठबंधन का एलान किया। इस गठबंधन का लक्ष्य 2024 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी की सरकार को सत्ता से बाहर करना है।

हालांकि विधानसभा चुनावों के दौरान इस गठबंधन के सदस्यों में तालमेल की कमी देखी गई। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। सिसोदिया की यह गिरफ्तारी शराब नीति से जुड़े मामले में की गई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी को अदालत के एक फैसले के बाद संसद सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। ‘मोदी सरनेम मानहानि केस’ में राहुल गांधी को 2 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने फैसले पर स्टे लगा दिया जिसके बाद राहुल गांधी एक बार फिर संसद सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखने के योग्य हो गए।

इनपुट- आदित्य शर्मा