Yamunanagar Corona Infected Woman Died: चंडीगढ़ PGI में कोरोना संक्रमित महिला की मौत, यमुनानगर से आई थी

सावधान! कोरोना फिर से जान ले रहा है; चंडीगढ़ PGI में एडमिट महिला की मौत, हरियाणा के यमुनानगर से इलाज के लिए आई थी

Yamunanagar Corona Infected Woman Died in Chandigarh PGI

Yamunanagar Corona Infected Woman Died in Chandigarh PGI

Yamunanagar Corona Infected Woman Died: कोरोना वायरस एक बार फिर अपने पैर पसार रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना के मामले बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। लोगों की जान भी जा रही है। इसलिए अगर आप कोरोना को हल्के में ले रहे हैं तो सावधान हो जाएं और अपना बचाव करें। बतादें कि, चंडीगढ़ PGI में एडमिट कोरोना से पीड़ित 50 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई है। महिला हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली थी और वह 30 मार्च को यमुनानगर से रेफर होकर इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई भर्ती होने आई थी।

लंग्स में समस्या थी, सांस लेने में दिक्कत हो रही थी

यमुनानगर जिला डिप्टी सिविल सर्जन डॉ वगिश गुटेन ने बताया कि महिला को लंग्स में समस्या बढ़ गई थी और उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिसके चलते महिला को चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया था। लेकिन यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं डॉ वगिश गुटेन ने यमुनानगर में कोरोना के मामलों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि, यमुनानगर में पिछले 24 घंटों के हिसाब से 33 एक्टिव केस हैं। 8 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज किए गए हैं और 9 नए मरीज सामने आए हैं।

डॉ वगिश गुटेन ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों से यमुनानगर में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। जिसको देखते हुए यमुनानगर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है और हमारी तैयारी पूरी है। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सैंपल की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। अस्पतालों में बेड बढ़ाये गए हैं। ऑक्सीजन प्लांट और उसकी सप्लाई की पूरी तैयारी है। बेड व ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। डॉ वगिश गुटेन ने अपील की कि लोग कोरोना से बचाव संबंधी प्रोटोकॉल का हर हाल में पालन करें।

हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी बढ़ रहे मामले

बतादें कि, सिर्फ यमुनानगर ही नहीं बल्कि हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना को लेकर हाई लेवल मीटिंग कर चुके हैं। लोगों के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क अनिवार्य किया गया है।

पिछले 24 घंटों में पूरे हरियाणा में कितने मामले?

पूरे हरियाणा में 24 घंटों में कोरोना के 193 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 840 तक पहुंच गई है। हरियाणा में कोरोना की पॉजिटिविटी दर 5.13 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। जबकि रिकवरी दर 98.91% है।

रिपोर्ट- राकेश भारतीय