चंडीगढ़ में मौसम का 'ऑरेंज अलर्ट': 19-20 मार्च को भारी बारिश, ओलावृष्टि और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Weather 'Orange Alert' for Chandigarh
चंडीगढ़। Weather 'Orange Alert' for Chandigarh, शहर में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बुधवार शाम से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर 21 मार्च तक बना रहेगा। इस सिस्टम को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी का भी सहयोग मिल रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। विभाग ने इस दौरान ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ध्यान रहे कि मार्च की शुरुआत में जहां गर्मी का असर दिखने लगा था, वहीं अब बारिश, तेज हवाओं और बादलों के कारण मौसम सुहावना होने के साथ ठंडक भी बढ़ गई है। विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। रविवार को हुई बारिश के चलते रात का तापमान 12.3 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से कम था। सोमवार को दिनभर बादलों और ठंडी हवाओं के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस महीने के सबसे ठंडे दिनों में शामिल रहा, जबकि 11 मार्च को तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच गया था।
बदलते मौसम में रहे सतर्क:
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी हवाएं भी ठंडक बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में बारिश के कारण शहर में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें।
आगे मौसम का हाल:
-वीरवार को बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-शुक्रवार को बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। ऐसे में अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।