अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, खराब मौसम के चलते प्रशासन का बड़ा फैसला

अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, खराब मौसम के चलते प्रशासन का बड़ा फैसला

1000264934

Amarnath Yatra temporarily suspended

जम्मू। Amarnath Yatra temporarily suspended, मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र श्री अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर लागू रहेगा।

कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई से बालटाल तथा नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविर से किसी भी श्रद्धालु को आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा फिर कब शुरू होगी, इसकी जानकारी मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम की स्थिति का व्यापक आकलन करने के बाद जारी की जाएगी।गौरतलब है कि अब तक जारी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान 3.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

मौसम विभाग ने रविवार से जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए एक दिन पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी नुनवन आधार शिविर का दौरा कर सभी संबंधित विभागों को आपातकालीन तैयारी करने के निर्देश दिए थे।

यहां यह बताना भी जरूरी है कि वर्ष 2022 में बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के पास बादल फटने से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है। बारिश के कारण बालटाल मार्ग पर सबसे अधिक भूस्खलन की आशंका रहती है। इसी के चलते प्रशासन ने यात्रा स्थगित की है।