सोनीपत में बिजली संकट पर फूटा जनाक्रोश, तीन जगह सड़क जाम; अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से लोग बेहाल

सोनीपत में बिजली संकट पर फूटा जनाक्रोश, तीन जगह सड़क जाम; अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से लोग बेहाल

1000264959

Public outrage erupts over the power crisis in Sonipat

सोनीपत। Public outrage erupts over the power crisis in Sonipat, भीषण गर्मी, लगातार बढ़ते बिजली लोड और अघोषित कटौती ने शनिवार को शहर में जनाक्रोश का रूप ले लिया। बिजली और पानी की समस्या से परेशान लोगों ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क जाम कर प्रशासन और बिजली निगम के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
सुबह सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से शुरू हुआ विरोध कुछ ही देर बाद ब्रह्म नगर और शाम तक गढ़ी घसीटा तक पहुंच गया। मेयर, एक्सईएन और एसीपी ने समझाकर लोगों को शांत किया।

शहर में बिजली संकट मुसीबत बन गया है। परेशान लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 8 बजे सबसे पहले विशाल नगर और वेस्ट रामनगर के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चार दिन से अघोषित बिजली कटौती, बार-बार फाल्ट और तारों में आग लगने की घटनाओं के बावजूद बिजली निगम स्थायी समाधान नहीं कर रहा। मरम्मत केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और थोड़ी देर बाद फिर फाल्ट हो जाता है। क्षेत्र में लटके जर्जर तार, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और हाई-लो वोल्टेज की समस्या से हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों ने नए ट्रांसफार्मर, खंभे और बिजली व्यवस्था के स्थायी सुधार की मांग की। उनका कहना था कि रात डेढ़ बजे से बिजली पूरी तरह गुल है जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया। कई बार शिकायत के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
बाद में मौके पर पहुंचे मेयर राजीव जैन ने लोगों को शात किया। मेयर ने बिजली निगम के अधिकारी मौके पर बुलाए। बाद में एक्सईएन रणबीर सिंह और एसीपी राजदीप मोर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कर्मी बुलाकर समस्या का समाधान शुरू कराया। करीब साढ़े 11 बजे जाम समाप्त हुआ। इस दौरान वाहन चालक परेशान रहे।

ब्रह्म नगर के लोग लो-वोल्टेज व बिजली कटों से परेशान
सुबह करीब साढ़े नौ बजे ब्रह्म नगर के लोगों ने ओल्ड रोहतक रोड पर एसबीआई के पास सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले दस दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित है और चार दिनों से वोल्टेज इतना कम है कि कूलर, एसी और अन्य उपकरण तक नहीं चल पा रहे। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सूचना मिलने पर बिजली निगम के एसडीओ कार्तिक मौके पर पहुंचे और जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। बिजली आपूर्ति होने पर लोगों ने पौने घंटे बाद जाम खोल दिया।
---------

गढ़ी घसीटा के लोगों ने गोहाना रोड फ्लाईओवर पर जताया रोष
शाम करीब 6 बजे गढ़ी घसीटा के ग्रामीणों ने बिजली संकट से नाराज होकर गोहाना रोड फ्लाईओवर पर जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। मौके पर पहुंचे बिजली निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों ने जल्द व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद करीब आधे घंटे में प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया गया।

यह है जिले की स्थिति
बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार जिले में बिजली की खपत 1.94 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 4,830 शिकायतें दर्ज हुईं जबकि 498 अघोषित बिजली के कट लगाए गए। घोषित कटौती केवल दो स्थानों पर रही।

जनप्रतिनिधि पर हाथापाई का आरोप...वीडियो वायरल
सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में जाम के दौरान महिला जनप्रतिनिधि पर एक युवती से हाथापाई का आरोप लगा। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, बताया गया कि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था जिसके बाद मामला शांत हो गया। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।

-शहरवासियों को निर्बाध बिजली और पानी उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को मौके पर ही क्षतिग्रस्त तार बदलने, फाल्ट दूर करने और तकनीकी खामियां तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए हैं। बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए स्थायी समाधान पर भी तेजी से काम किया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


राजीव जैन, मेयर सोनीपत

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं। संवाद

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं।

 

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं। संवाद

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं।

 

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं। संवाद

फोटो :: सोनीपत में सूरी पेट्रोल पंप वाली में रोड जाम कर रोष जताती महिलाएं।