एम्बाप्पे के रिकॉर्ड पर भारी पड़ी बुकायो साका की हैट्रिक, फ्रांस को 6-4 से रौंदकर इंग्लैंड ने जीता वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज
FIFA 2026 Third Place Game
FIFA 2026 Third Place Game: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे स्थान के मैच में इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से मात दे दी. इंग्लैंड की तरफ से बुकायो साका ने गोल की हैट्रिक पूरी की, जबकि फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल करके लियोनेल मेसी के करियर टूर्नामेंट स्कोरिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और गोल्डन बूट की दौड़ में बढ़त बना ली.
इस मैच में कुल 10 गोल पड़े, जो तीसरे स्थान के मैच में सबसे ज्यादा थे. इसके अलावा यह 1982 वर्ल्ड कप में हंगरी द्वारा अल साल्वाडोर को 10-1 से हराने के बाद से सबसे ज्यादा गोल वाला वर्ल्ड कप मैच भी बन गया.
साका की हैट्रिक
साका ने 37वें मिनट और पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में गोल किए, फिर 87वें मिनट में पेनल्टी पर अपना तीसरा गोल करके इंग्लैंड के लिए अपने करियर की दूसरी हैट्रिक पूरी की. इंग्लैंड के लिए डेक्लान राइस और एजरी कोंसा ने भी गोल किए, जिससे हाफ-टाइम तक 4-0 की बढ़त बन गई. उन्होंने रोमांचक दूसरे हाफ में अपनी बढ़त बनाए रखते हुए वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे अच्छा फिनिश हासिल किया. इंग्लैंड ने अपना एकमात्र खिताब 1966 में जीता था. इंग्लैंड के जूड बेलिंगहम ने दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम के आठवें मिनट में एक गोल किया, जो टूर्नामेंट में उनका सातवां गोल था.
एम्बाप्पे ने मेसी को पीछे छोड़ा
वहीं फ्रांस की तरफ से एम्बाप्पे ने दो, ब्रैडली बारकोला और उस्मान डेम्बेले ने एक-एक गोल किए. इस दो गोल के साथ एमबाप्पे ने मेसी के वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 21 गोल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. एमबाप्पे के नाम अब 22 वर्ल्ड कप गोल हो गए हैं. इसके अलावा उन्होंने इस टूर्नामेंट में 'गोल्डन बूट' की रेस में अपनी बढ़त को 10 गोल तक पहुंचा दिया, जो मेसी से दो गोल ज्यादा है. मेसी को एमबाप्पे से आगे निकलने के लिए एक आखिरी मौका तब मिलेगा जब उनकी टीम अर्जेंटीना 20 जुलाई को को फाइनल मैच में स्पेन का सामना करने उतरेगी.
सेमीफाइनल में मिली हार
फ्रांस के पास टूर्नामेंट जीतने की क्षमता थी, लेकिन वो सेमीफाइनल में स्पेन से 2-0 से हार गए और लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने का मौका गंवा दिया. वहीं इंग्लैंड ने अर्जेंटीना के खिलाफ 1-0 की बढ़त गंवा दी और 2-1 से हार गया.
फ्रांस के कोच का आखिरी मैच
यह मैच फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का भी आखिरी मैच था, जिन्होंने कहा है कि वे 14 साल बाद पद छोड़ देंगे. ग्राउंड से बाहर निकलते समय डेसचैम्प्स ने खिलाड़ियों को गले लगाया और भीड़ की ओर हाथ हिलाया.