हरियाणा में मौसम बदला, बारिश का अलर्ट: आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में बूंदाबांदी; कल से बढ़ेगी ठंड
Weather changes in Haryana, rain alert:
Weather changes in Haryana, rain alert: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, पहाड़ों में बर्फबारी के कारण 6 नवंबर से ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन तीन जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार देर शाम हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में भी गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई थी, जिससे इन इलाकों का मौसम बदल गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 6 नवंबर से एक बार फिर उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इन हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
बारिश के बाद आज दिन के तापमान में भी कमी देखी जा सकती है। हाल ही में हुई बारिश के कारण तीन जिलों की अनाज मंडियों में खुले में रखा सैकड़ों टन धान गीला हो गया, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 5 नवंबर तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
डॉ. खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 6 नवंबर से 9 नवंबर के दौरान मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस अवधि में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।