ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, सरिया लदा ट्रक नाले में गिरा; चालक की मौके पर मौत
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Jul, 2026
Truck Carrying Steel Rods Falls Into
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया से लदे ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक पहले बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकराया और फिर सड़क किनारे नाले में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे छपरौला के पास जीटी रोड पर हुआ। ट्रक गाजियाबाद से दादरी की ओर जा रहा था। दुर्घटना के दौरान ट्रक में लदा सरिया केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर में घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि चालक को संभवतः झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी 28 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के कारण जीटी रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया।