शहीद उधम सिंह को नमन, सरदार हरपाल सिंह कंबोज ने चंडीगढ़ में किया आह्वान

शहीद उधम सिंह को नमन, सरदार हरपाल सिंह कंबोज ने चंडीगढ़ में किया आह्वान

Tribute to martyr Udham Singh

Tribute to martyr Udham Singh

31 जुलाई को डेरा बाबा भूमणशाह सिरसा में होगा शहीदी महासम्मेलन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि

चंडीगढ़, 27 जुलाई। Tribute to martyr Udham Singh: भारत की स्वतंत्रता के महानायक और जलियांवाला बाग की त्रासदी का प्रतिशोध लेकर इतिहास में अमर हुए शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर आज चंडीगढ़ के सेक्टर-44 स्थित कंबोज भवन में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता, शहीद उधम सिंह कंबोज इंटरनेशनल महासभा के संयोजक तथा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्य सरदार हरपाल सिंह कंबोज इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में कंबोज बिरादरी के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि, वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरदार हरपाल सिंह कंबोज ने कहा—“शहीद उधम सिंह का बलिदान केवल एक व्यक्ति का प्रतिशोध नहीं था, बल्कि यह सम्पूर्ण राष्ट्र की अस्मिता का उद्घोष था। जलियांवाला बाग के घाव आज भी हमारी आत्मा को झकझोरते हैं, और यही स्मृति हमें सिखाती है कि स्वतंत्रता का मूल्य त्याग और साहस से ही सुरक्षित रह सकता है। हमें इस इतिहास को जीवित रखना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ यह समझें कि देशभक्ति केवल शब्द नहीं, बल्कि आचरण है।”

उन्होंने समाज को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा—“आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने वर्ग, अपनी बिरादरी और अपने समाज के हर उस व्यक्ति को साथ लेकर चलें, जो किसी कारणवश पीछे रह गया है। समर्थ लोगों को तन, मन और धन से आगे आना होगा, ताकि संगठन और मजबूत हो, और हम अपने आने वाले कल को सुरक्षित बना सकें।”

इस मौके पर सरदार हरपाल सिंह कंबोज ने घोषणा की कि 31 जुलाई 2025 को सिरसा ज़िले के संगर सरिस्ता स्थित ऐतिहासिक व आध्यात्मिक धाम डेरा बाबा भूमणशाह में एक भव्य प्रदेश स्तरीय शहीदी महासम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास के सान्निध्य में सम्पन्न होगा। उन्होंने कहा—“यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि हमारी बिरादरी की एकता, शक्ति और राष्ट्रीय कर्तव्य का प्रतीक होगा। मैं हर कंबोज परिवार से आग्रह करता हूँ कि वे इस महासम्मेलन में बढ़-चढ़कर शिरकत करें और शहीद उधम सिंह के बलिदान को सामूहिक रूप से नमन करें।”

कार्यक्रम में उपस्थित कंबोज बिरादरी के कई वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं ने भी अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद उधम सिंह अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।