चंडीगढ़ प्रीमियर लीग से पहले यूटीसीए की पहल, साइक्लिंग के जरिए फिटनेस और हरियाली का संदेश
- By Gaurav --
- Saturday, 06 Jun, 2026
Sports and Sustainability Go Hand
आगामी चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) ने शनिवार को सुखना लेक से सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम तक साइकिल रैली का आयोजन किया। विश्व साइकिल दिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खेलों के विकास के साथ-साथ स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने की यूटीसीए द्वारा यह पहल की गई । 
रैली को चंडीगढ़ प्रशासन के प्रमुख सचिव एच. राजेश प्रसाद ने यूटीसीए के फाउंडर प्रेसिडेंट संजय टंडन सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी की मौजूदगी में रैली को हरी झंडी दिखाई।
रैली में शहर के विभिन्न प्रमुख साइक्लिंग समूहों जैसे साइकिलगिरी, साइकिलगढ़, यूनाइटेड राइडर्स तथा अन्य साइक्लिंग समुदायों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा क्रिकेट खिलाड़ियों, वरिष्ठ नागरिकों और फिटनेस के प्रति जागरूक लोगों की भी बड़ी भागीदारी रही।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रतिदिन 100 किलोमीटर साइकिल चलाने वाले प्रसिद्ध एंड्योरेंस साइकिलिस्ट रूपेश बल्ली रहे जिन्होंने को साइकिलिंग के लिए प्रेरित किया। 
इस अवसर पर संबोधित करते हुए संजय टंडन ने कहा कि यूटीसीए खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देती है।
इस बीच, चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) की आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सुनील गावस्कर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
छह फ्रेंचाइजी टीमों वाली यह लीग 8 जून से पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में शुरू होगी।