Cockroach Janta Party: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन तेज, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

'कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं...' दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन तेज, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Cockroach Janta Party First Ground Protest at Jantar Mantar Delhi

Cockroach Janta Party First Ground Protest at Jantar Mantar Delhi

Cockroach Janta Party Protest: इंटरनेट के ऑनलाइन ग्राउंड पर जन्मी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब असल ग्राउंड पर दिख रही है। CJP ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला विरोध प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके कर रहे हैं। जो आज सुबह ही अमेरिका (USA) से दिल्ली पहुंचे। वह दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलने के दौरान हाथ में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की पुस्तक दिखाते नजर आए।

वहीं इससे पहले अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर CJP समर्थकों से झुंड के साथ जंतर-मंतर पर इकट्ठा होने और अनुशासन बनाए रखने को कहा और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और कोई अराजकता न फैले। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी है। मौके पर पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स का भारी हुजूम तैनात है ताकि किसी भी अप्रिय या अराजक स्थिति को संभाला जा सके।

CJP की मुख्य मांग- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का यह विरोध प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक और सरकारी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के खिलाफ है। CJP ने इसके लिए मुख्य रूप से देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की पुरजोर मांग की है। कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन में लद्दाख के मशहूर शिक्षाविद सोनम वांगचुक भी शामिल हैं। वह भी अभिजीत दीपके और CJP समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं।

धर्मेंद्र प्रधान ने एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद किया

कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी है और हम इस्तीफा लेकर रहेंगे। शिक्षा मंत्री को हमने चुन कर भेजा है, हमारे टैक्स से उनको तनख्वाह मिलती है। लेकिन वह एक ऐसे शिक्षा मंत्री हैं, जिनके शासन काल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में है। अभिजीत दीपके ने कहा धर्मेंद्र प्रधान ने भारत के एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद करने का काम किया है। लेकिन अब Cockroach आ गए हैं, तो अब धर्मेंद्र प्रधान को जाना होगा।

कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं...

जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए CJP समर्थकों को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि देश का युवा अब डरेगा नहीं लड़ेगा और कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं आंदोलन, धरना प्रदर्शन और जुलूस निकालने से क्या होता है? इससे यह सिद्ध होता है कि हम जीवित हैं। सरकार के लिए हम हो सकते हैं कीड़े मकौड़े, लेकिन हम जीवित हैं और अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम हैं। यहां भी हम अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए आए हैं।

सरकार ने हिंदू-मुसलमान की राजनीति में फंसाकर रखा

CJP चीफ अभिजीत दीपके ने कहा कि 10-12 साल से इन लोगों ने हमें हिंदू मुसलमान की राजनीति में फँसाकर रखा, इससे किसे फ़ायदा हुआ? क्या हिंदू-मुसलमान करने से देश में किसी को भी नौकरियां मिलीं? लेकिन अब कॉकरोच आ गए हैं तो ये नहीं चलेगा। देश के युवा को उसका हक मिलना चाहिए। युवाओं को हिंदू-मुसलमान की राजनीति नहीं नौकरी चाहिए। इसलिए देश का युवा अब इस सरकार के झांसे में नहीं आने वाला।

मेरी मां को डर- मुझे ये सरकार जेल में डाल देगी?

अभिजीत दीपके ने कहा कि जब मैं भारत से USA गया था तो मेरी मां इतना नहीं रोई थी, लेकिन जब मैं USA से अपने घर भारत आ रहा था तो मेरी मां बहुत रोई, क्योंकि उसे इस बात का डर था की मुझे ये सरकार जेल में डाल देगी। अभिजीत दीपके ने कहा कि इस देश में उस हर मां को ये डर होता है जब उनका बच्चा इस सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता है। आखिर कब तक हम इस सरकार से डर कर जियेंगे? हमें अपनी आवाज उठानी होगी।

कौन हैं कॉकरोच जनता पार्टी बनाने वाले अभिजीत दीपके

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बनाने वाले अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke) मूल रूप से पुणे के निवासी हैं और इस समय यूएस में सेटल हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया है और बाद में वह बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के लिए अमेरिका चले गए। अभिजीत दीपके एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं और अब इस समय युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।

AAP से CJP के अभिजीत दीपके का क्या कनेक्शन?

Cockroach Janta Party के फाउंडर अभिजीत दीपके का आम आदमी पार्टी (AAP) से भी कनेक्शन रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत दीपके 2020-22 के दौरान अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली Aam Aadmi Party की सोशल मीडिया टीम से जुड़े रहे और चुनाव में मीम-बेस्ड डिजिटल कैंपेन पर काम किया। बताया जाता है कि साल 2020 में जब AAP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव जीता था, तब दीपके ही AAP डिजिटल चुनावी कैंपेनिंग का काम देख रहे थे। हालांकि, वह बाद में आम आदमी पार्टी से अलग हो गए और देश के बाहर चले गए थे।

CJI की टिप्पणी से जन्मी कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का निर्माण इंटरनेट पर ऑनलाइन 'व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन' के तौर पर किया गया। जिसका मुख्य केंद्र देश के बेरोजगार युवा (Gen Z) हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस पार्टी को तब बनाया गया, जब हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI सूर्यकांत की युवाओं पर एक ऐसी टिप्पणी सामने आई। जिसमें बेरोजगार युवाओं को 'Cockroach' कहा गया।

CJI का यह बयान देश में तेजी से वायरल हुआ और विवाद बन गया। इसके बाद सफाई में CJI ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उनका वो मतलब नहीं था वो तो युवाओं को देश की ताकत मानते हैं। लेकिन CJI की सफाई तो एक तरफ रह गई और इधर देश में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के रूप एक नई पार्टी ने इंटरनेट को हिला डाला। इस समय कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा रखा है। सोशल मीडिया पर पार्टी को काफ़ी तेज़ सपोर्ट मिल रहा है।

CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हुए

आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं कि 16 मई 2026 को पार्टी लॉन्च के शुरुवाती 24 घंटे में 13 हजार लोगों ने Cockroach Janta Party को इंस्टाग्राम पर फॉलो कर लिया था। इसके बाद यह आंकड़ा आंधी की तरह आगे बढ़ा और 3 दिनों में ही CJP को करीब 3 मिलियन लोगों ने इंस्टाग्राम पर फॉलो कर लिया। वहीं यह आंकड़ा (CJP Instagram Followers) यहीं थम नहीं रहा है और बहुत तेजी के साथ पार्टी से जुड़ने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा लगातार इतनी तेजी लोगों के बीच बढ़ रही है की अब तक इंस्टाग्राम पर Cockroach Janta Party के 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। CJP ने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में BJP, Congress समेत देश की सभी राजनीतिक पार्टियों और साथ ही कई दिग्गज चेहरों को भी पछाड़ दिया है। इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में CJP का यह आंकड़ा अभी और कहां जाएगा। यह देखना दिलचस्प होगा।

CJP का X अकाउंट भारत में बंद

21 मई को कॉकरोच जनता पार्टी का X(ट्विटर) अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया था। जिसके खिलाफ सोशल मीडिया पर काफी हो हल्ला भी हुआ। लेकिन अब तक CJP का X अकाउंट भारत में दोबारा चालू नहीं हुआ। CJP के इस X अकाउंट पर करीब 2 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। वहीं अकाउंट बंद होने पर फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा था कि अकाउंट को इसलिए बंद किया गया क्योंकि फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे थे। फिलहाल X पर Cockroach is Back नाम से नया अकाउंट बना लिया गया है, जिसे अभिजीत दीपके ने फॉलो करने को कहा है, उन्होंने कहा, कॉकरोच कभी नहीं मरते।

CJP का इंस्टाग्राम हैक करने की कोशिश

CJP चीफ अभिजीत दीपके ने हाल ही में यह भी आरोप लगाया था कि बढ़ती लोकप्रियता के चलते Cockroach Janta Party और उनके खुद के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक करने की भी कोशिश की जा रही है। फिलहाल देश की इस नई कॉकरोच जनता पार्टी ने राजनीतिक सिस्टम में खलबली पैदा कर दी है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने CJP को सपोर्ट किया है। वहीं इस पार्टी को लेकर देश के युवा और लोग दो खेमे में बंटे हुए भी नजर आ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि देश का हर युवा CJP के साथ जुड़ रहा है।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

ऑनलाइन शुरू की गई यह पार्टी अपने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म और वेबसाइट पर खुद को ‘बेरोजगार युवाओं की आवाज़’ बताती है। पार्टी की प्रोफ़ाइल बायो में लिखा गया है, 'युवाओं की, युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए पार्टी'। इसके साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी का नारा है 'धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक, आलसी'। कॉकरोच जनता पार्टी का मेन फोकस देश में बेरोजगारी, देश के राजनीतिक और प्रशासनिक सिस्टम से नाराज़गी और युवाओं की निराशा को मीम और व्यंग्य के जरिए सामने लाना है। मतलब पार्टी पूरी तरह डीप पॉलिटिक्स पर आधारित नहीं है, बल्कि ऑनलाइन सटायर के तौर पर इंटरनेट पर राजनीति, सिस्टम और नेताओं से सवाल खड़े करना है और उन्हें आईना दिखाना है।

पार्टी की मेंबरशिप के लिए नियम भी अजीब

कॉकरोच जनता पार्टी की मेंबरशिप के लिए अजीब नियम भी सामने आए हैं। CJP का सदस्य बनने के लिए व्यक्ति का 'बेरोजगार, हर वक्त ऑनलाइन रहने वाला, पेशेवर रूप से भड़ास निकालने वाला और आलसी' होना जरूरी है। इस हास्य-व्यंग्य के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने युवाओं की बेरोजगारी, परीक्षा के पेपर लीक विवाद, व्यवस्थागत पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे गंभीर मुद्दे भी उठाए हैं। पार्टी ने यह भी कहा है कि वह जल्द ही एक जेन Z वर्चुअल सम्मेलन आयोजित करेगी।

कॉकरोच जनता पार्टी के 5 मुख्य एजेंडे

कॉकरोच जनता पार्टी ने शुरुवाती तौर से 5 पॉइंट के अपने मुख्य एजेंडे भी सामने रखे हैं। ऑनलाइन प्रकाशित कॉकरोच जनता पार्टी के इन 5 पॉइंट्स में देश के मुख्य न्यायाधीश के लिए सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले सभी राजनीतिक पदों पर प्रतिबंध, प्रत्येक वैलिड वोट के अधिकार की सुरक्षा, महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दलबदलू राजनेताओं पर 20 साल के प्रतिबंध की मांग की गई है। इसके अलावा यहां भी एक नारा दिया गया कि, नई राजनीति, मजबूत लोकतन्त्र, बेहतर भारत। इसके साथ लोगों को इस मूवमेंट के साथ जुडने को कहा गया है ताकि बदलाव लाया जा सके।

कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव चिन्ह भी जारी किया

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना आधिकारिक चुनाव चिन्ह भी जारी कर दिया है। CJP का चुनाव चिन्ह मोबाइल फोन है जिसकी स्क्रीन पर एक कॉकरोच बना हुआ है। यानि कॉकरोच जनता पार्टी देश में चुनाव लड़ने को भी तैयार दिख रही है। हालांकि, यह पार्टी भारत निर्वाचन आयोग में रजिस्टर्ड नहीं है। अभी यह सिर्फ इंटरनेट पर ऑनलाइन ही रजिस्टर्ड है और लोगों के बीच तेजी से फैल रही है। इस पार्टी की देश में ज़ोरों से चर्चा है। खासकर युवाओं का रुझान CJP की ओर से तेजी बढ़ रहा है। वहीं कई विपक्षी नेताओं जैसे अखिलेश यादव, महुआ मोइत्रा और कीर्ति आज़ाद ने भी सोशल मीडिया पर मज़ाकिया अंदाज़ में इस पार्टी का ज़िक्र किया है।