Six Freight Train Coaches Derail

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनें प्रभावित

maal gadi

Six Freight Train Coaches Derail

नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। हादसे के बाद इस मार्ग पर चलने वाली कई ईएमयू और यात्री ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द तथा डायवर्ट करना पड़ा। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, इस दुर्घटना से कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, 16 यात्री ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 5 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि 8 ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे की तकनीकी टीमें युद्धस्तर पर ट्रैक बहाली और परिचालन सामान्य करने के कार्य में जुट गईं।

हादसे के चलते दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने अलीगढ़, पलवल और साहिबाबाद की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया है। वहीं सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को साहिबाबाद–दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट कर संचालित किया गया।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति आधिकारिक रेलवे माध्यमों से अवश्य जांच लें।