36 घंटे में लूट का पर्दाफाश: विजय विहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, तीन बदमाश गिरफ्तार
Robbery Solved within 36 Hours
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
Robbery Solved within 36 Hours: दिल्ली के रोहिणी जिले में अपराध पर तेज़ी से लगाम कसते हुए विजय विहार थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। महज़ 36 घंटे के भीतर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया।
घटना 12 जून 2026 की है, जब बी.डी. जैन स्कूल के पास 40 फुटा रोड पर एक युवक को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया। पीड़ित के मुताबिक, एक युवक पहले उससे बातचीत में उलझा, और कुछ ही पलों में उसके दो साथी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया और उसका मोबाइल फोन, नकदी व जरूरी दस्तावेजों से भरा वॉलेट लूटकर फरार हो गए।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए विजय विहार थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने सलीम उर्फ आशिक, सुमित और करण उर्फ कट्टा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, आधार कार्ड और वॉलेट बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुमित विजय विहार थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का दावा है कि इन तीनों की गिरफ्तारी से चार अन्य आपराधिक मामलों का भी खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
तेज़ कार्रवाई और सटीक जांच के चलते दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि अपराधियों के लिए अब बचना आसान नहीं है।