नीट अभ्यर्थियों के लिए योगी सरकार का बड़ा तोहफा: यूपी रोडवेज और सिटी बसों के किराए में मिलेगी 50% की भारी छूट

Yogi government major gift for NEET aspirants

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नीट यूजी 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का एलान किया। अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने आदेश जारी कर दिया है। बसों के किराए में छूट का लाभ 20 व 21 जून को मिलेगा, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया, इस संबंध में सभी क्षेत्रीय व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बस कंडक्टर हर अभ्यर्थी से उसके प्रवेशपत्र की एक प्रति लेंगे और उसी के आधार पर 50 प्रतिशत रियायती दर का टिकट जारी किया जाएगा।

कंडक्टर प्रवेशपत्र का सत्यापन करने के बाद इलेक्ट्रानिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ईटीआइएम) के माध्यम से अभ्यर्थियों को चाइल्ड टिकट जारी करेंगे। बशर्ते, प्रवेशपत्र पर अंकित फोटो व परीक्षा तारीख सही हो और वह तय अवधि के भीतर ही यात्रा कर रहा हो।

एमडी ने बताया, कंडक्टर वे-बिल के पिछले भाग में अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग और टिकट की धनराशि सहित अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। प्रवेश पत्र की एक छायाप्रति सुरक्षित रखी जाएगी ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। यदि अपरिहार्य स्थिति में ईटीआइएम मशीन से 50 प्रतिशत रियायती टिकट जारी नहीं हो पाता है तो डिपो प्रभारी या केंद्र प्रभारी से फोन पर अनुमति प्राप्त लेकर मैनुअल टिकट जारी कर सकते हैं। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया, नीट यूजी परीक्षा 21 जून को होगी। अभ्यर्थियों को 20 जून और 21 जून को परिवहन निगम की बसों में रियायती दर पर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सिटी बसों में भी हो सकता आधा किराया
रविवार को लखनऊ में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को सिटी बसों के किराए में भी 50 प्रतिशत की छूट मिल सकती है। यह छूट 19 जून की रात बारह बजे से 21 जून की रात बारह बजे तक लागू रहेगी। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी और लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया, परीक्षार्थियों को आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से 28 शहरों के लिए बसों की सेवाएं मिलेंगी। लखनऊ में 22 मार्गों पर संचालित 115 सिटी बसें चलेंगी। बस अड्डे पर हेल्प डेस्क खोली जाएगी।