सीबीआई ने क्रेस्ट फंड गबन मामले में आईएफओएस अधिकारी को किया गिरफ्तार, 3 दिन की रिमांड
CBI arrests IFoS officer in Crest Fund embezzlement case
चंडीगढ़। CBI arrests IFoS officer in Crest Fund embezzlement case, सीबीआई ने क्रेस्ट (चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी) के फंड में गबन के मामले में कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) अधिकारी नवनीत श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। आरोपी उस समय क्रेस्ट, चंडीगढ़ यूटी के सीईओ के पद पर तैनात थे।
गिरफ्तार आरोपी को विशेष सीबीआई अदालत, चंडीगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीबीआई जांच में सामने आया है कि क्रेस्ट के आईडीएफसी बैंक, चंडीगढ़ स्थित तीन खातों में जमा धनराशि को फर्जी तरीके से विभिन्न शेल कंपनियों में ट्रांसफर कर गबन किया गया। इस घोटाले से क्रेस्ट को लगभग 75 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि घोटाले की रकम का एक हिस्सा एक निजी कंपनी के खाते में भेजा गया, जिसमें आरोपी की पत्नी और एक करीबी रिश्तेदार निदेशक हैं।
इस मामले में क्रेस्ट के तत्कालीन प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह अबरोल और अकाउंटेंट साहिल कुक्कड़ को पहले ही गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
यह मामला पहले चंडीगढ़ के आर्थिक अपराध थाना में दर्ज था, जिसे बाद में सीबीआई ने अपने हाथ में लिया। सीबीआई ने हाल ही में इस केस में पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 13 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें निजी बैंक के 5 अधिकारी, क्रेस्ट के 2 सरकारी कर्मचारी, 2 शेल कंपनियां, उनके 3 डायरेक्टर/पार्टनर और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
सीबीआई ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच जारी है तथा सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।