Rewari Women Police Station
BREAKING
जम्मू-कश्मीर में सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन पर चलाई गोली; भारतीय सीमा में घुसकर मंडराया, जवानों की गोलीबारी के बाद वापस लौटा “योगी सरकार का बड़ा कदम: ट्रिपल तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को मिलेगा घर और हेल्थ इंश्योरेंस” छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने लिए कई अहम फैसले: किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता, बिजली कंपनी का IPO और अन्य घोषणाएं शिमला में पत्रकारों को बांटी गईं 10 लाख की एक्सीडेंटल इंशोरेंस पॉलिसी, शिक्षा मंत्री बोले - 60+ पत्रकारों को पेंशन पर सीएम सहमत “चंडीगढ़ में वाणिज्य मंत्रालय का हितधारक संवाद, पंजाब–हरियाणा के लिए नए एफटीए से बड़े निर्यात अवसरों पर जोर”

45 डिग्री की भीषण गर्मी में रेवाड़ी महिला थाना प्यासा, पांच दिनों से ठप है पेयजल आपूर्ति

pp

Rewari Women Police Station

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भीषण गर्मी के बीच महिला थाना परिसर में पेयजल संकट गहराने से पुलिसकर्मियों और फरियादियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़ों के बीच पिछले करीब पांच दिनों से महिला थाना में नियमित पानी की आपूर्ति बंद होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, महिला थाना परिसर में लगे नलों से पानी नहीं आ रहा है, जिसके चलते यहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों और शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि प्यास बुझाने के लिए पानी के कैंपरों का सहारा लेना पड़ रहा है।

थाना में कार्यरत कुछ महिला पुलिसकर्मियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है। गर्मी के इस मौसम में पर्याप्त पानी उपलब्ध न होने से कर्मचारियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं, शिकायत दर्ज करवाने और सहायता लेने पहुंचने वाली महिलाओं को भी पानी के लिए इंतजार करना पड़ता है।

स्थिति इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि एक ओर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को लू से बचने, अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए स्थापित महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान में ही पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है।

स्थानीय लोगों और महिला पुलिसकर्मियों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्थायी तौर पर कैंपरों के जरिए व्यवस्था की जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान जरूरी है ताकि भीषण गर्मी के दौरान कर्मचारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, महिला थाना स्टाफ को उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर नियमित जलापूर्ति बहाल की जाएगी।