26 दिन बाद खत्म हुआ सोनम वांगचुक का अनशन, केंद्र के लिखित आश्वासन के बाद लिया फैसला
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
Sonam Wangchuk Ends 26-Day
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 26 दिनों से जारी सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन केंद्र सरकार की ओर से मिले लिखित आश्वासन के बाद गुरुवार देर रात समाप्त हो गया। सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच लंबे गतिरोध के बाद यह फैसला लिया गया।
सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में करीब चार घंटे तक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। बैठक के बाद सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और वांगचुक के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
सरकार की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन में अगले सप्ताह संसद में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सुधारों के लिए नया विधेयक लाने का प्रस्ताव, 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को आगे न बढ़ाने तथा पेपर लीक के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की बात कही गई है। इसके अलावा, पेपर लीक से प्रभावित पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे के प्रावधान पर भी सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया गया है।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक को सरकार का आश्वासन पत्र सौंपा, जिसके बाद उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर वांगचुक के अनशन समाप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, सोनम वांगचुक ने कहा कि वह लद्दाख लौटने से पहले आंदोलनकारियों से संवाद करेंगे और सभी से शांति बनाए रखते हुए सरकार के साथ बातचीत की प्रक्रिया जारी रखने की अपील की।