ऊना में लापता युवती का जंगल में मिला शव, शादी से तीन महीने पहले मौत से सनसनी
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
Missing Woman Found Dead in Una
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के गांव अंबोआ में 26 वर्षीय युवती का शव जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वैशाली के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता थी। घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वैशाली रविवार को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की और बाद में पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को अंबोआ के जंगल में एक युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां परिजनों ने शव की पहचान वैशाली के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले शुरुआती साक्ष्यों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। जिस आम के पेड़ की टहनी से दुपट्टा बंधा मिला, वह अपेक्षाकृत पतली और कम ऊंचाई पर थी। वहीं दुपट्टे के दूसरे सिरे पर कोई गांठ नहीं मिली। मृतका का मोबाइल फोन और नकदी भी सुरक्षित बरामद हुई है, जिससे लूटपाट की आशंका फिलहाल नहीं दिखती। पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि वैशाली की शादी तीन महीने बाद होने वाली थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने उसे मेहनती, शांत स्वभाव और मेधावी युवती बताया।
मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए आरएफएसएल (RFSL) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।