Ram Temple Donation Embezzlement

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: SIT की जांच तेज, मुख्य आरोपी से पूछताछ; ब्रेजा कार बरामद

pp

Ram Temple Donation Embezzlement

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जांच जारी रखी। इस दौरान टीम ने मंदिर परिसर का दौरा कर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने गोपाल राव से पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। वहीं, न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद पुलिस मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को अयोध्या जिला जेल से कस्टडी में लेकर पुलिस लाइन पहुंची। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उससे करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे आगे की जांच के लिए प्रतापगढ़ ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अविनाश शुक्ला ने कथित रूप से बताया कि चढ़ावे में प्राप्त सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अलग-अलग स्थानों पर रखी गई थी। जांच के क्रम में पुलिस उसे एक योगा सेंटर भी लेकर पहुंची, जहां अधिकारियों की मौजूदगी में तथ्यों और साक्ष्यों का सत्यापन किया गया।

एसआईटी ने अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर अयोध्या के कौशलपुरी क्षेत्र से ब्रेजा कार (UP-42 AP-6054) भी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि करीब एक वर्ष पहले खरीदी गई इस कार का कथित रूप से नकदी के आवागमन में इस्तेमाल किया जाता था।

इससे पहले पुलिस अविनाश शुक्ला के किराये के कमरे से लगभग 20 लाख रुपये नकद, 1,000 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण तथा 'रामराज्य कोष' लिखा एक बक्सा बरामद करने का दावा कर चुकी है।

उधर, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने मामले के अन्य आरोपियों लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के निर्माणाधीन मकानों के संबंध में कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एडीए ने लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम नोटिस जारी किया है।

हालांकि, सुप्रिया मिश्रा ने कहा है कि उन्हें अभी तक कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उनका दावा है कि मकान का नक्शा विधिवत स्वीकृत है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा विश्वास है।

पुलिस और एसआईटी का कहना है कि मामले में लगातार नए साक्ष्य सामने आ रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।