चंडीगढ़ में अगले तीन दिन बारिश के आसार, तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
Chandigarh Weather Today
चंडीगढ़। Chandigarh Weather Today: शहर में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। रविवार देर शाम शहर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में मौसम सूखा बना रहा। बारिश के चलते ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बीते 24 घंटों में 4.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 7 से 9 अप्रैल तक शहर में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।
अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। मंगलवार को मौसम और अधिक बदलेगा, बारिश की संभावना के साथ अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है। बुधवार को भी बारिश के आसार बने रहेंगे, जिससे अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम में इस बदलाव से जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।