श्याम भक्तों के लिए रेलवे की बड़ी सौगात: हरियाणा से खाटू जाएंगी दो स्पेशल ट्रेनें
Railways' big gift for Shyam devotees:
Railways' big gift for Shyam devotees: देवउठनी एकादशी के अवसर पर हरियाणा के श्याम भक्तों के लिए रेलवे दो विशेष ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल और गुरुग्राम सहित कई शहरों में होगा। प्रत्येक ट्रेन के चार-चार फेरे लगेंगे, जिससे खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि ये विशेष ट्रेनें 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र और फुलेरा-शकूरबस्ती-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं चलाई जा रही हैं।गाड़ी संख्या 09711, कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चार फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी।इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09712, फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चार फेरे लगाएगी। यह फुलेरा से सुबह 9:50 बजे चलकर रात 8:00 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।यह रेलसेवा मार्ग में कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कावट, श्रीमाधोपुर, रींगस और रेनवाल स्टेशनों पर रुकेगी। इस रेलसेवा में साधारण श्रेणी के कुल 18 डिब्बे होंगे।दूसरी विशेष रेलसेवा, गाड़ी संख्या 09713, फुलेरा-शकूरबस्ती अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चार फेरे लगाएगी।
यह फुलेरा से सुबह 10:40 बजे रवाना होकर दोपहर 4:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।वहीं, गाड़ी संख्या 09714, शकूरबस्ती-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा भी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चार फेरे लगाएगी। यह शकूरबस्ती से शाम 7:00 बजे चलकर रात 2:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी।यह रेलसेवा रेनवाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, नीमकाथाना, डाबला, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर रुकेगी। इस रेलसेवा में साधारण श्रेणी के कुल 14 डिब्बे उपलब्ध होंगे।