Preparations Intensify for PM Modi’s

पीएम मोदी के 17 जुलाई चंडीगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

ppp

Preparations Intensify for PM Modi’s

उपायुक्त, यू.टी. चंडीगढ़ श्री निशांत कुमार यादव, आईएएस ने 17 जुलाई, 2026 को माननीय प्रधानमंत्री के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे के मद्देनज़र तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

सुरक्षा और प्रोटोकॉल पर जोर
उपायुक्त ने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, कार्यक्रम स्थल प्रबंधन, पार्किंग, जनसुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

जनसुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
जनसुविधा पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, सार्वजनिक पार्किंग, शौचालय तथा चिकित्सा सहायता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा की स्थिति में उचित जल निकासी, जलभराव रहित परिसर तथा आमजन की सुविधा के लिए सुरक्षित एवं सूखे पैदल मार्ग सुनिश्चित किए जाएं।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ग्रीन रूम, हेलीपैड तथा अन्य सभी निर्धारित प्रोटोकॉल स्थलों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के कार्यक्रम के दौरान सुचारु रूप से संचालित रहने के भी निर्देश दिए।

PEC में होगा कार्यक्रम, 16 को ड्राई रन
कार्यक्रम स्थल पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC), चंडीगढ़ तथा VVIP आवागमन मार्गों पर स्थल प्रभारी, कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर प्रभारियों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वे मंच प्रबंधन, बैठक व्यवस्था, प्रोटोकॉल, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की निगरानी करेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि 16 जुलाई, 2026 को सभी विभागों की तैयारियों का आकलन करने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए व्यापक ड्राई रन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को ड्राई रन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन, चंडीगढ़ पुलिस, इंजीनियरिंग विभाग, परिवहन विभाग, नगर निगम, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।