पीएम मोदी के जींद दौरे की तैयारियां तेज, प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
- By Gaurav --
- Tuesday, 14 Jul, 2026
Preparations Intensify for PM Modi’s Jind
जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर एवं बेहतर ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजेश खुल्लर ने पंडाल, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी प्रवेश, पार्किंग, आमजन के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने वीआईपी प्रवेश मार्ग, मंच स्थल, ग्रीन जोन, सुरक्षा घेरा, पार्किंग व्यवस्था तथा आमजन के लिए बनाए गए विभिन्न सेक्टरों की जानकारी भी ली। इसके साथ ही कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए यातायात और पार्किंग रूट की विस्तृत समीक्षा की गई।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रधान सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पेयजल, पंखों, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग पर साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा।
राजेश खुल्लर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री हरियाणा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।