रांची के रिम्स अस्पताल में मरीज ने की आत्महत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
Patient commits suicide at RIMS Hospital in Ranchi,
रांची। रिम्स में भर्ती एक मरीज ने शुक्रवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है, जो चतरा जिले का रहने वाला था। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार विवेक कुमार अप्रैल माह से रिम्स में भर्ती था।
बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था और गांजा का सेवन करता था। अत्यधिक नशे की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। अभी वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
शुक्रवार सुबह उसने अस्पताल में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मरीज ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। अस्पताल प्रबंधन से भी मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि रिम्स झारखंड का सबसे बड़ा अस्पताल है। सुरक्षा के तमाम दावों के बीच इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है।