हरियाणा में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चली; PM मोदी ने जींद से दिखाई हरी झंडी, 14,700 करोड़ के प्रोजेक्टों का उद्घाटन-शिलान्यास
India First Hydrogen Train launch From Jind To Sonipat By PM Modi LIVE
PM Modi Jind Visit Live: आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन (Hydrogen Powered Train) मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. भारत अब उन चुनिंदा देशों की लिस्ट में शामिल हो गया है जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेनें हैं. जानकारी के अनुसार, भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का 5वां देश बन गया है. भारत में पहली बार हाइड्रोजन ट्रेन का चलना यह दर्शाता है कि देश विकास के पथ पर लगातार तेजी से अग्रसर है और आधुनिकता की इस दौड़ में कहीं पीछे नहीं है.
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद-सोनीपत के बीच चलेगी
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद-सोनीपत के बीच चलेगी. हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करते हुए पीएम ने कहा कि आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिलने का सपना साकार हुआ है. यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है. मैं इससे जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं. भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन जींद और सोनीपत को जोड़ेगी. भारत उन चुनिंदा देशों में से एक बन गया है जिनके पास ऐसी ट्रेनें हैं. भारत रेलवे सेक्टर में आधुनिक रूप से आगे बढ़ते हुए क्लीन एंड ग्रीन टेक्नोलॉजी को अपना रहा है.
जींद के लोगों में खुशी की लहर
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुवात हरियाणा के जींद से हुई है. ऐसे में जींद को अब विश्वस्तरीय पहचान भी मिल गई है और एक स्वर्णिम अध्याय जींद के गौरवमयी इतिहास के साथ जुड़ गया है. वास्तव में पूरे हरियाणा और जींद के लिए आज बड़ा दिन है. जींद में आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन चलने से यहां के लोग काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आ रहे हैं. वह इस ट्रेन में पहली बार सफ़र करने को लेकर भी बेसब्र हैं. लोगों ने कहा कि पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने के लिए जींद को चुना गया. इसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा की नायब सैनी सरकार का आभार व्यक्त करते हैं.
14,700 करोड़ के प्रोजेक्टों का उद्घाटन-शिलान्यास
पीएम मोदी ने जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के साथ ही 14,700 करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्टों (विकास परियोजनाओं) का उद्घाटन-शिलान्यास किया. उन्होंने हांसी-बरवाला 2 लेन नेशनल हाईवे-148B का शिलान्यास किया. साथ ही 4 लेन दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्स्प्रेसवे और अंबाला-काला अंब नेशनल हाईवे- 7 एवं 344 का लोकार्पण किया. वहीं 4 लेन जींद-गोहाना नेशनल हाईवे-352ए और कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक के लोकार्पण करने के साथ कुरुक्षेत्र में सिख म्यूज़ियम की नींव रखी. इसके साथ ही पीएम मोदी ने भिवानी और नारनौल में सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन भी किया.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी रहे मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी साथ मौजूद रहे. वहीं इस दौरान मौके पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी और उनकी सरकार के अन्य मंत्रियों की भी मौजूदगी रही. सीएम सैनी ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कहा कि हरियाणा भले ही उनकी जन्मभूमि नहीं है लेकिन उनकी कर्मभूमि जरुर है. हरियाणा से पीएम मोदी का पुराना रिश्ता रहा है और यह रिश्ता आत्मीय रिश्ता है. इसलिए पीएम मोदी का हरियाणा आना अपने घर आने जैसा है. सीएम सैनी ने कहा कि पीएम मोदी लगातार हरियाणा को विकसित करने का काम कर रहे हैं. हरियाणा के सभी लोगों के लिए काम किया जा रहा है और हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं.