PM मोदी ने किया कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण, ₹447 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात
- By Gaurav --
- Friday, 17 Jul, 2026
PM Modi Inaugurates Kurukshetra Railway
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद से वर्चुअल माध्यम से कुरुक्षेत्र के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्थानीय स्तर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों लोगों ने संबोधन सुना।
कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। ऑडिटोरियम के भीतर अलग-अलग बड़ी स्क्रीन लगाई गई थीं, ताकि सभी लोग प्रधानमंत्री का संबोधन और लोकार्पण कार्यक्रम आसानी से देख सकें। कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लोगों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से मुफ्त ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई गई। जिलेभर से सैकड़ों ई-रिक्शा विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा लगातार संचालित होते रहे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद ऑडिटोरियम से बाहर निकलते लोगों में उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड ट्रैक के लोकार्पण को कुरुक्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई।
प्रधानमंत्री ने जींद से वर्चुअल माध्यम से करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उमरी में बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक सिख संग्रहालय का भी शिलान्यास किया। रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड ट्रैक शुरू होने से शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटकों पर जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।