नॉर्थ कोरिया ने संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल चलाई; जापान में इमरजेंसी अलर्ट, PM का निर्देश- सभी मुमकिन कदम उठाए जाएं, एक और जंग?
North Korea Launched Suspected Ballistic Missile Emergency Alert in Japan
North Korea Launched Missiles: एक तरफ अमेरिका-इजरायल और ईरान की भीषण जंग चल रही है तो वहीं अब इस बीच नॉर्थ कोरिया के तानाशाह शासक किम जोंग ने एक अलग तनाव की स्थिति पैदा कर दी है. किम जोंग ने कुछ ऐसा किया है कि जिसने पड़ोसी देशों की टेंशन बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि नॉर्थ कोरिया ने शनिवार को अपने पूर्वी समुद्री तट से जापान की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल चलाई है। जिसकी पुष्टि साउथ कोरिया और जापान ने की है। वहीं जापान में तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है। जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस बारे में पोस्ट किया है।
जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय से कहा गया, ''इमरजेंसी अलर्ट, नॉर्थ कोरिया ने एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। वहीं नॉर्थ कोरिया के मिसाइल लॉन्च के जवाब में प्रधानमंत्री ने इस पूरी घटना की जानकारी इकट्ठा करने और उसका एनालिसिस करने का निर्देश जारी किया है और कहा है कि जापान की जनता को समय पर और सही तरीके से जानकारी दी जाये। इसके अलावा एयरक्राफ्ट, जहाज़ों और दूसरे एसेट्स की सुरक्षा पक्की की जाये। साथ ही सावधानी के लिए सभी मुमकिन कदम उठाए जाएं, जिसमें अचानक आने वाली मुश्किलों के लिए तैयारी भी शामिल है।''

हमले की कोशिश या सैन्य ताकत दिखा रहा नॉर्थ कोरिया
फिलहाल इसे हमले की कोशिश या फिर नॉर्थ कोरिया की सैन्य ताकत दिखाने की कोशिश माना जा रहा है। दरअसल इस समय दक्षिण कोरिया के साथ अमेरिका का सैन्य अभ्यास चल रहा है। इस बड़े संयुक्त सैन्य अभ्यास को 'फ्रीडम शील्ड' नाम दिया गया है। जिसमें हजारों सैनिक शामिल हैं। ट्रंप ने अमेरिकी सेना की बड़ी टुकड़ी दक्षिण कोरिया भेजी है. जहां दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास को अपने लिए खतरा मानते हुए नॉर्थ कोरिया भी अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। नॉर्थ कोरिया को अपने पड़ोस में यह सैन्य अभ्यास पसंद नहीं आ रहा। हाल ही में किम जोंग उन ने अपने एक बयान में कहा था कि यह एक तरह से युद्ध की तैयारी है।
ईरान युद्ध के बीच क्रूज मिसाइलों का परीक्षण
ईरान युद्ध के बीच उत्तर कोरिया ने हाल ही में क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया था। तानाशाह किम जोंग उन ने देश के नए 5,000 टन के वॉरशिप से स्ट्रैटेजिक क्रूज मिसाइलों की टेस्टिंग देखी थी। इस दौरान किम की छोटी बेटी किम जू ए भी साथ बैठी दिखाई दी। वहीं तानाशाह किम जोंग की बहन ने हाल ही में अमेरिका को धमकी भी दी थी। यह धमकी दक्षिण कोरिया में अमेरिकी सैन्य अभ्यास और जंगी जहाजों की तैनाती के बाद दी गई। किम की बहन ने दक्षिण कोरिया में अमेरिकी सेना पहुंचने पर कहा था कि हमें मत उकसाओ, नहीं तो कल्पना से परे इसके नतीजे होंगे और अंजाम बहुत भयानक होगा।