नीतीश कुमार का इस्तीफा, नई सरकार बनाने का दावा पेश; NDA विधायक दल के नेता चुने गए, 10वीं बार बिहार के CM बनेंगे
Nitish Kumar resigns and claim to form new government in Bihar
Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की प्रचंड जीत हुई है। जिसके बाद अब नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुना गया है। जहां इसी के साथ नीतीश ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने अन्य एनडीए नेताओं के साथ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार सीएम पद से अपना इस्तीफा सौंपा और साथ ही राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। नीतीश कुमार के CM बनने के साथ बीजेपी से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी CM बनेंगे।
कल नई NDA सरकार का भव्य शपथ समारोह
बिहार में कल नई NDA सरकार का गठन हो जाएगा। पटना के गांधी मैदान में सुबह 11:30 बजे से शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा. जिसमें नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। साथ ही 20 अन्य विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। साल 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में सीएम का शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उप मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
नीतीश कुमार कब-कब बने बिहार के CM?
नीतीश कुमार सबसे पहले साल 2000 में हुए चुनाव के बाद 10 दिन के लिए बिहार के सीएम बने थे। इसके बाद नीतीश कुमार की सरकार बहुमत हासिल न कर पाने के कारण गिर गई। फिर साल 2005 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार दूसरी बार बिहार के सीएम बने। इस दौरान नीतीश कुमार ने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया। वहीं 2010 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने तीसरी बार सीएम पद की शपथ ली और 3.5 साल के लिए बिहार के सीएम रहे। इसके बाद बिहार में राष्ट्रपति शासन लगा।
वहीं 2015 में नीतीश कुमार ने मांझी को हटाकर चौथी बार सीएम पद की शपथ ली और 9 महीना बिहार के सीएम रहे। जबकि 2015 में हुए चुनाव बाद पाँचवीं बार नीतीश कुमार ने सीएम पद की शपथ ली और 1.5 साल तक बिहार के सीएम रहे। वहीं 2017 में फिर से नीतीश कुमार पलटे और छठी बार सीएम पद की शपथ ली और इस दौरान 3.5 साल के लिए बिहार के सीएम रहे। इसके बाद आगे भी नीतीश के सीएम बनने का सिलसिला जारी रहा।
2020 में हुए चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने 7वीं बार सीएम पद की शपथ ली और 20 महीने बिहार के सीएम रहे। क्योंकि 2022 में बीजेपी का साथ छोड़ने और RJD के साथ जाने के बाद नीतीश कुमार ने 8वीं बार सीएम पद की शपथ ली और 16 महीना बिहार के सीएम रहे। इसके बाद जनवरी 2024 में फिर से बीजेपी के साथ आकर 9वीं बार नीतीश कुमार बिहार के सीएम बने। इसके बाद नीतीश अब तक बिहार के सीएम रहे और अब 2025 विधानसभा चुनाव के बाद 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
बिहार चुनाव में NDA की सुनामी
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA की सुनामी देखने को मिली है। NDA ने प्रचंड जीत के साथ कुल 243 सीटों में से 202 सीटों (बहुमत 122) पर अपना कब्जा जमाया। बीजेपी ने अकेले ही 89 सीटों पर जीत का झंडा गाड़ा। इसी के साथ बीजेपी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर NDA सहयोगी नीतीश कुमार की JDU रही। जिसने 85 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज़ की। इसके साथ ही चिराग पासवान की पार्टी (LJP राम विलास) 19 , HAM (S) 5 और RLM 4 सीटों पर जीत हासिल की।
बिहार में महागठबंधन की लुटिया डूबी
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में RJD-CONG महागठबंधन की तो लुटिया डूब गई। जिस महागठबंध (MGB) ने पिछले विधानसभा चुनाव में 110 सीटें जीती थीं। उसे इस बार केवल 35 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। इस बार RJD ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को केवल 6 सीटें ही मिली हैं। पिछले चुनाव में RJD ने 75 और कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। बता दें कि इस बार आरजेडी ने 143 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और वहीं कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 61 उम्मीदवार उतारे थे। कई सीटों पर महागठबंधन की फ्रेंडली फाइट भी थी।