Nitin Nabin Targets SP-Congress,

नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला, बोले- सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, 2027 में फिर बनेगी डबल इंजन सरकार

naveen

Nitin Nabin Targets SP-Congress,

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह नकारात्मक राजनीति कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों में उलझने के बजाय विकास और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नितिन नवीन ने कहा कि यदि लोगों के दिलों में जगह बनानी है तो कार्यकर्ताओं को हर गांव, हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचना होगा। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की 'डबल इंजन सरकार' ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और यही उपलब्धियां 2027 के चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होंगी।

भाजपा अध्यक्ष ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए हर महीने मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इस महीने से क्षेत्रीय प्रवास शुरू करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाएंगे।

उन्होंने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से अभी से हर मतदाता तक पहुंचने और सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। साथ ही बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के समर्पण पर निर्भर करती है।