Nitin Gadkari on Car Rear Seat Belt: कार में बैठे सभी लोगों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य, नितिन गडकरी का ऐलान

कार वाले हो जाएं सावधान: सड़क पर चलते वक्त अगर न किया ये जरुरी काम तो अब लगेगा भारी जुर्माना और होगी कार्रवाई, पढ़िए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान

Nitin Gadkari on Car Rear Seat Belt

Nitin Gadkari on Car Rear Seat Belt

Nitin Gadkari on Car Rear Seat Belt : कार रखने और चलाने वाले अब बेहद सावधान हो जाएं| अब जरा भी लापरवाही नहीं चलेगी| और फिर भी अगर आपने लापरवाही दिखाई तो आप कड़ी कार्रवाई के पात्र होंगे और आप पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा| दरअसल, अब कार में बैठे सभी लोगों के लिए सीट बेल्ट लगाना एकदम अनिवार्य (Car Rear Seat Belt Compulsory) कर दिया गया है|

हालांकि, पहले भी सरकार पीछे बैठने पर सीट बेल्ट लगाने को कह चुकी है लेकिन इस ओर कभी सख्ती नहीं दिखाई गई| जुर्माना नहीं लगाया गया| अबतक आगे की सीट पर बेल्ट न लगाने पर जुर्माना वसूला जाता रहा है| यही कारण है कि कार में पीछे सीट बेल्ट होने के बावजूद लोग इसे नहीं लगाते| मगर अब लोगों को ऐसा करना होगा क्योंकि अब सरकार ऐसा कराने के लिए बेहद सख्त रुख में है| बतादें कि, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की हाल ही में सड़के हादसे में मौत के बाद सरकार ने इस ओर सख्ती दिखाई है| साइरस मिस्त्री ने हादसे के समय कार में पीछे बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाई हुई थी|

सीट बेल्ट नहीं लगाने पर बजता रहेगा अलर्ट साउंड

बतादें कि, यह सारी जानकारी खुद केंद्रीय सड़क तथा परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक इंटरव्यू के दौरान दी है| नितिन गडकरी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इंटरव्यू का वीडियो साझा किया है| जिसमें वह कार में पीछे बैठे लोगों पर सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर बात कर रहे हैं| केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि कार में पीछे बैठे लोगों को अब अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगानी ही पड़ेगी| नहीं लगाने पर उन्हें जुर्माना तो भरना ही होगा लेकिन साथ ही ऐसा न करने पर उनकी कार में एक अलर्ट साउंड बराबर बजता रहेगा| नितिन गडकरी ने बताया कि सभी कार कंपनियों को अलर्ट साउंड को लागू करने के लिए कहा जा रहा है|

तीन दिनों में अधिसूचना जारी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार में पीछे की सीट बेल्ट न लगाए जाने पर वसूले जाने वाले जुर्माने की जानकारी तो नहीं दी लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा| नितिन गडकरी ने बताया कि अगले तीन दिन में इसे लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी जाएगी| फिलहाल, कुछ भी हो अब कार की पीछे वाली सीटों पर जो भी लोग बैठे होंगे, वे सभी हर हाल में सीट बेल्ट लगाएंगे| अगर ट्रैफिक पुलिस कार में पीछे बैठे लोगों को बिना सीट बेल्ट के देखती है तो वह अब इसके लिए तुरंत जुर्माना लगाएगी|

भारत में सड़क हादसे सबसे ज्यादा और मौतें भी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में दुनिया की सिर्फ एक फीसदी गाड़ियां हैं लेकिन सड़क हादसों में यह अव्वल है| दुनिया में सबसे ज्यादा सड़क हादसे भारत में होते हैं और सड़क हादसों में सबसे ज्यादा लोग भारत में मारे जाते हैं। आपको बतादें कि, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रोड नेटवर्क भारत में है। लेकिन घटिया निर्माण और खराब मेंटनेंस के कारण अधिकांश रोड नेटवर्क की बुरी हालत है। यही कारण है कि, सरकार अब रोड सेफ्टी पर बेहद ध्यान दे रही है| सड़क हादसों को कम करने की कोशिश की जा रही है| इसके लिए सरकार जहां सड़कों को ठीक ढंग से डिजाइन कर रही है तो वहीं अन्य नियम भी ला रही है| जानकारों का कहना है कि गाड़ियों की रफ्तार पर लगाम लगाने की भी बेहद जरूरत है।

सीट बेल्ट लगाने के फायदे

भारत में कार की पिछली सीट पर बैठे यात्री सीट बेल्ट को कुछ समझते ही नहीं हैं| वह इसे हल्के और बेकार में लेते हैं| लेकिन वह यह नहीं जानते कि ऐसा करने से उनकी जान को खतरा रहता है| बताते हैं कि चलती हुई गाड़ी में हमारा शरीर भी उसी गति से आगे बढ़ रहा होता है। गाड़ी की गति जब 100 किमी प्रति घंटे या इससे ज्यादा होती है, तो इसे अचानक रोके जाने पर हमारा शरीर भी रुक नहीं पाता| और अगर ऐसे में कोई टक्कर होती है तो हमारा शरीर उछलकर आगे की ओर गिरता है| जिससे सिर, गला और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आती है। इससे मृत्यु भी हो सकती है| लेकिन सीट बेल्ट लगी होने से ऐसा होने का खतरा बहुत कम हो जाता है|